होली समेत अन्य त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने राजधानी में मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने शहर की करीब 400 मिठाई, डेयरी और किराना दुकानों को नोटिस जारी कर साफ चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार का मिलावटी या मानकविहीन खाद्य पदार्थ बिक्री में पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की शिकायत तुरंत विभाग को दें।
दिवाली में भी चला था विशेष अभियान एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार, पिछली दिवाली पर भी विशेष अभियान चलाकर सैकड़ों दुकानों से नमूने लिए गए थे। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर मानक के विपरीत मिठाई, खोया, पनीर और तेल के नमूने पाए गए थे। कुछ मामलों में जुर्माना और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की गई थी।
विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है, इसलिए इस बार पहले से ही सख्ती बरती जा रही है।
मिलावट के खिलाफ जागरूकता अभियान विभाग ने केवल नोटिस जारी करने तक खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि शहर में जागरूकता अभियान भी शुरू किया है। दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जा रही है और लाइसेंस, स्वच्छता तथा गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आम उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। खुली मिठाई या डेयरी उत्पाद खरीदते समय साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।
छापेमारी की तैयारी, टीमें अलर्ट
एफएसडीए ने शहर भर में कई टीमें गठित कर दी हैं, जो अचानक छापेमारी करेंगी। संवेदनशील इलाकों और थोक बाजारों को विशेष निगरानी में रखा गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नमूना संग्रहण के साथ-साथ ऑन-द-स्पॉट निरीक्षण भी किया जाएगा।
यदि जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से लेकर भारी जुर्माना और लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दुकान पर मिलावट की आशंका हो तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। उपभोक्ताओं की सतर्कता से ही मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
एफएसडीए का कहना है कि शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर
FSDA टोल फ्री हेल्पलाइन मुख्यालय: 18001805533
जनपद स्तरीय FSDA कार्यालय कलेक्ट्रेट लखनऊ हेल्पलाइन : +915223514492
खरीदते समय बरतें सावधानी
त्योहार के दौरान पनीर और दुग्ध पदार्थ विश्वसनीय दुकान से ही खरीदें। सिंथेटिक पनीर मुंह में रखने पर आसानी से घुलता नही है।
पकने में भी सिंथेटिक पनीर समय लेता है और यह च्विंगम की तरह दातों में चिपकता है।
नकली पनीर बिलकुल सफेद नहीं होता है, इसका रंग हल्का पीलापन लिए होता है।
चार गुना मुनाफे के चक्कर में खपा रहे मिलावटी पनीर शुद्ध पनीर की जगह घटिया पनीर से तीन से चार गुने तक अधिक मुनाफा होता है। यही वजह है कि असली और नकली का खेल बराबर से चलता है। सीतापुर रोड पर डेयरी संचालक विकास का कहना है कि तमाम लोग मौके का फायदा उठाकर मिलावट करते हैं। पहले से ही सिंथेटिक पनीर की डिमांड हो जाती है। आर्डर के हिसाब से घटिया पनीर सप्लाई करते हैं।
कैसे बनाते हैं सिंथेटिक पनीर सिंथेटिक पनीर बनाने के लिए स्किम्ड मिल्क और खाने वाले सोडे के अलावा घटिया पॉम ऑयल, वेजीटेबल ऑयल और बेकिंग पाउडर मिलाकर इसे तैयार किया जाता है। शंका होने पर करें शिकायत अगर किसी करे सिंथेटिक पनीर
या घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री का अंदेशा है तो वह कलेक्ट्रेट में एफएसडीए के कार्यालय पर शिकायत दर्ज करा सकता है।