लखनऊ विश्वविद्यालय में इंटर-हॉस्टल फेस्ट का आगाज:क्विज में गंगा हॉल रहा विनर, सोलो डांस में रही जबरदस्त टक्कर

लखनऊ विश्वविद्यालय में रविवार को ‘इंटर-हॉस्टल कॉम्पिटिशन फेस्ट 2026’ में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और प्रतिस्पर्धा का उत्साह देखने को मिला। विश्वविद्यालय के विभिन्न हॉलों में साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर को उत्सव में बदल दिया। निवेदिता हॉल में छात्राओं के लिए क्विज और ‘जस्ट ए मिनट’ (जैम) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने सामान्य ज्ञान, त्वरित सोच और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, महमूदाबाद हॉल में छात्रों के बीच क्विज और जैम के मुकाबले हुए, जिनमें कड़ी टक्कर देखने को मिली। तिलक हॉल में रंगोली, एकल गायन और मिमिक्री प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को बांधे रखा। रंगोली में आकर्षक डिजाइनों ने सराहना बटोरी। ए.पी. सेन हॉल में सोलो व ग्रुप डांस, लघु नाटिकाओं ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। छात्रों ने लोक और आधुनिक नृत्य शैलियों के साथ सामाजिक विषयों पर स्किट प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। ये रहे विजेता प्रतियोगिता परिणामों में छात्राओं की क्विज में गंगा हॉल की काव्या सिंह, हिमांशी मिश्रा, जोया फातिमा और शुभांगी दुबे की टीम प्रथम रही। लड़कों की क्विज में महमूदाबाद हॉल ने पहला स्थान हासिल किया। जैम (लड़के) में एलबीएस हॉल के अथर्व मिश्रा प्रथम रहे। एकल गायन (छात्राएं) में कैलाश हॉल की स्वरलीना बिश्नोई ने बाजी मारी, जबकि मिमिक्री में कैलाश हॉल की श्रेया यादव प्रथम रहीं। एकल नृत्य (लड़के) में हबीबुल्लाह हॉल के वंश ने पहला स्थान प्राप्त किया।ग्रुप डांस यानी समूह नृत्य में महमूदाबाद हॉल विजेता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *