लुधियाना में कपड़ा वेस्टेज गोदाम में लगी भीषण आग:मोहल्ले में मची अफरा-तफरी, आसमान में छाया धुएं का काला गुबार

लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित स्टार सिटी इलाके में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब वहां बने एक कपड़ा वेस्टेज गोदाम में अचानक भयानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रिहायशी इलाके के बीचों-बीच बने इस गोदाम से पहले धुआं निकला और फिर ऊंची लपटें उठने लगीं। आनन-फानन में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन को दी गई। गनीमत रही कि आग को समय रहते अन्य घरों तक फैलने से रोकने के प्रयास शुरू कर दिए गए। गोदाम मालिक बोले- इलाके में मेरे 4 गोदाम हैं घटना की सूचना मिलते ही गोदाम मालिक राजेश गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया मैं अपने घर पर था जब मुझे फोन पर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। इस इलाके में मेरे कुल चार गोदाम हैं जिनमें से एक में आज अचानक आग लग गई। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। लोगों में भारी रोष इस घटना से इलाके के लोगों का आरोप है कि रिहायशी क्षेत्र होने के बावजूद यहां धड़ल्ले से कमर्शियल गोदाम चल रहे हैं जो सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बनाए गए हैं। लोगों ने बताया कि महज एक हफ्ते पहले भी पास के ही एक गोदाम में आग लगी थी। प्रशासन से अवैध गोदामों को बंद करने की मांग स्थानीय लोगों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध गोदामों को तुरंत यहां से शिफ्ट किया जाए या बंद करवाया जाए। निवासियों का कहना है कि इन गोदामों के कारण हर समय किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है और बच्चों व बुजुर्गों का यहां रहना मुश्किल हो गया है। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तंग गलियों और रिहायशी इलाका होने के कारण गाड़ियों को मौके तक पहुंचने और आग पर काबू पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अभी आग पर काबू पा लिया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *