लुधियाना में परीक्षा देने गईं दो नाबालिग छात्राएं लापता:सहेली के जाकर घर कपड़े बदले-फोन छोड़ा, पुलिस CCTV खंगाल रही

लुधियाना के कोर्ट मंगल सिंह इलाके से दो नाबालिग छात्राओं के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों सहेलियां बुधवार को स्कूल में परीक्षा देने गई थीं, जिसके बाद से वे घर नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी तलाश तेज कर दी है वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है। कपड़े बदले,फोन छोड़ा और फिर हो गईं गायब जानकारी के मुताबिक दोनों छात्राएं 10वीं कक्षा की स्टूडेंट हैं। स्कूल में पेपर खत्म होने के बाद वे एक सहेली के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने अपने स्कूल की वर्दी बदली और घर के कपड़े पहने। हैरानी की बात यह है कि दोनों अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गईं ताकि उन्हें ट्रैक न किया जा सके। इसके बाद वे वहां से निकल गईं। ATI रोड पर दिखी आखिरी लोकेशन परिजनों ने अपने स्तर पर जांच शुरू की तो पता चला कि दोनों को आखिरी बार ATI रोड पर देखा गया था। फिलहाल परेशान परिवार रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के चक्कर काट रहा है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि क्या वे शहर से बाहर जाने वाली किसी बस या ट्रेन में सवार हुई हैं। पुलिस का क्या कहना है इस मामले में SHO थाना डिवीजन नंबर 6 ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। पुलिस की टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। शुरुआती जांच में मामला अपनी मर्जी से घर छोड़ने का लग रहा है। हम इस पहलू पर भी जांच कर रहे हैं कि क्या उन्हें किसी ने बहला-फुसलाकर बुलाया है या फिर वे घर की किसी बात से परेशान होकर गईं। जल्द ही उनका सुराग लगा लिया जाएगा। परिजनों की अपील दोनों लड़कियां नाबालिग हैं जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द उनकी बेटियों को ढूंढा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *