लुधियाना में देर शाम फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। प्राइवेट फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी अनमोल सिंह ग्राहकों से किश्तें वसूल कर लौट रहा था। गांव सिविया शेखदौलत के रास्ते पर बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। घटना जगराओं की है। लुटेरों ने अनमोल सिंह से 46 हजार 600 रुपए छीन लिए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सदर के इंचार्ज सुरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित अनमोल सिंह ने बताया कि वह कंपनी के लोन लेने वाले ग्राहकों से किश्तें वसूल करता है। वह अलग-अलग गांवों से पैसे लेकर लौट रहा था। पुलिस आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।