लुधियाना में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला के इंडस्ट्रियल एरिया-C में जसपाल बांगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह नगर का है जहाँ एक बोल्ट बनाने वाली फैक्ट्री को निशाना बनाया गया। बोलेरो सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सामान और कच्चे माल पर हाथ साफ कर दिया। फैक्ट्री मालिक अजय गुप्ता ने बताया कि उनकी जसपाल बांगर में बोल्ट बनाने की यूनिट है।25 मार्च की दरमियानी रात करीब 3:40 बजे एक सफेद रंग की बोलेरो जीप फैक्ट्री के बाहर आकर रुकी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार गाड़ी से चार अज्ञात व्यक्ति उतरे और बड़ी ही सफाई से गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। भारी मात्रा में बोल्ट और मशीनरी चोरी चोरों ने फैक्ट्री के अंदर रखे करीब 17 क्विंटल लोहे के बोल्ट और कच्चा माल चोरी किया। अजय गुप्ता के अनुसार लगभग 25 से 30 थैले बोल्ट चोरी हुए हैं। वही मशीनरी में ड्रिल मशीन,वेल्डिंग मशीन और टूल किट भी गायब है। चोरी हुए माल की कीमत लाखों में बताई जा रही है। सामने वाली फैक्ट्री के फोरमैन ने देखा, शोर मचते ही भागे जब बदमाश सामान लोड कर रहे थे तभी सामने स्थित फैक्ट्री के फोरमैन की नजर उन पर पड़ी। फोरमैन को चोरी का शक हुआ और जैसे ही उसने शोर मचाना शुरू किया, चारों आरोपी घबरा गए। पकड़े जाने के डर से बदमाश बाकी सामान वहीं छोड़कर बोलेरो में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दर्ज किया मामला घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने अजय गुप्ता के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305 और 331 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बोलेरो के नंबर और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है ।