लुधियाना में बाथरूम में नहाने गए युवक की मौत:गेट तोड़कर निकाला शव, परिजन बोले-नशे की ओवरडोज से तोड़ा दम

लुधियाना के धर्मपुरा इलाके में बाथरूम में नहाने के लिए गए एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक नशे का आदी था, और नशे की ओवर डोज के कारण ही उसकी मौत हुई है। मृतक की पहचान चिंटू के रूप में हुई है जो पेशे से मीट की दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार चिंटू मंगलवार को घर के बाथरूम में नहाने गया था। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजा तोड़ा गया तो चिंटू बेसुध जमीन पर गिरा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नशा छुड़वाने की हर कोशिश रही नाकाम परिजनों ने रोते हुए बताया कि चिंटू पिछले कई सालों से नशा करता था। परिवार ने नशा छुड़ाने के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा गया था। इलाज पर काफी पैसे खर्च किए गए लेकिन नशा उसकी रगों में इस कदर बस चुका था कि वह केंद्र से बाहर आते ही फिर उसी रास्ते पर चल पड़ा। सरकार और पुलिस से गुहार पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन और पंजाब सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि इलाके में नशा सरेआम बिक रहा है और प्रशासन इसे रोकने में नाकाम है। हमारा बच्चा तो नशे की भेंट चढ़ गया लेकिन हम नहीं चाहते कि किसी और का घर इस तरह बर्बाद हो। सरकार और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। हमारी मांग है कि नशा बेचने वालों पर इतनी सख्त कार्रवाई हो कि वे दोबारा यह जहर न बेच सकें। इलाके में फैला तनाव घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। हालांकि परिवार के बयानों ने एक बार फिर लुधियाना में बिक रहे सरेआम नशे पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *