लुधियाना के पॉश इलाके सिविल लाइंस के रहने वाले और जाने-माने कारोबारी सुनील कुमार जैन के साथ उनके ऑफिस के बाहर दिन-दहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गाड़ी का दरवाजा खोलकर उसमें रखा करीब 2.25 लाख रुपये कैश वाला लिफाफा उड़ा लिया। पूरी घटना ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। क्या है पूरा मामला जानकारी देते हुए पीड़ित सुनील कुमार जैन ने बताया कि शनिवार (21 फरवरी) शाम करीब 4 बजे वह अपनी गाड़ी से ऑफिस पहुंचे थे। ऑफिस के बाहर रुककर वह गाड़ी में बैठे हुए ही किसी को फोन करने लगे। इसी दौरान पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक उनकी गाड़ी का दरवाजा खोल दिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे।
कारोबारी ने बताया कि हड़बड़ाहट में बदमाशों ने गाड़ी में पड़ा काले रंग का लिफाफा जिसमें 2,25,000/- रुपये कैश था उसे बाहर सड़क पर फेंक दिया। सुनील जैन को लगा कि बदमाश कैश नहीं निकाल पाए हैं इसलिए वह तुरंत गाड़ी आगे बढ़ाकर ऑफिस के अंदर चले गए। CCTV में क्या नजर आया आज सुबह जब ऑफिस के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो सच सामने आ गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाशों ने पहले कैश का लिफाफा बाहर फेंका और जैसे ही कारोबारी गाड़ी लेकर आगे बढ़े बदमाशों ने चुपचाप वह लिफाफा उठाया और फरार हो गए। मैने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए । जांच में जुटी पुलिस मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर एक्टिवा के नंबर और बदमाशों के हुलिए की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।