पंजाब के लुधियाना में फाइनेंस कंपनियों द्वारा वसूली को लेकर गुंडागर्दी जैसी शिकायतें आए दिन आ रही है। अब ताजा मामला भाईवाला चौक नजदीक सूर्या कॉम्प्लेक्स का सामने आया है। जहां फाइनेंस कंपनी के करिंदों ने एक व्यक्ति की दो किश्तें जमा न होने के कारण उसे 3 घंटे तक बंधक बना कर रखा और उसकी मारपीट की। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने विपन, नवीन सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस को जानकारी देते हुए पीड़ित रहीश निवासी जगीरपुर ने बताया कि महज 2 किश्तें समय पर न भरने के कारण उसे आरोपियों ने बेइज्जत किया और उसे करीब 3 घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। यह घटना वारदात भाईवाला चौक के पास स्थित सूर्या कॉम्प्लेक्स की है। IDFC बैंक से करवाया TVS रेडियॉन मोटरसाइकिल फाइनेंस पीड़ित रहीश मुताबिक उसने आईडीएफसी (IDFC) बैंक से अपना TVS रेडियॉन मोटरसाइकिल फाइनेंस करवाया था। आर्थिक तंगी के कारण उसकी 2 किश्तें समय पर जमा नहीं हो पाई थीं। इसी बात को लेकर 9 फरवरी को उसे फोन कर भाईवाला चौक स्थित सूर्या कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर बुलाया गया। जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हैरानी की बात तो यह है कि कंपनी के कर्मचारियो ने उससे मारपीट कर अपने केबिन के अंदर करीब 3 घंटे तक अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा और उसे जान से मारने की धमकियां देते रहे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कानून की परवाह किए बिना उसे बंधक बनाया और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।