लुधियाना में मनी ट्रांसफर दुकान पर लूट की कोशिश:पिस्टल दिखाकर मांगी नकदी, दुकानदार ने तलवार से खदेड़ा

लुधियाना में थाना डिवीजन नंबर-2 के अधीन आते गणेश नगर रोड पर स्थित एक मनी ट्रांसफर की दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने लूट करने की कोशिश की। हालांकि दुकानदार के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी तोड़फोड़ करके मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बाइक पर आए दो बदमाश जानकारी के अनुसार घटना गणेश नगर रोड पर स्थित तिवारी मनी ट्रांसफर की दुकान पर हुई। बाइक पर सवार दो बदमाश दुकान में घुस आए और पिस्टल के बल पर दुकान मालिक को गल्ले से नकदी निकालकर देने को कहा। इस दौरान दुकानदार के केबिन के बाहर बैठे एक व्यक्ति को बदमाशों ने रॉड दिखाकर भगा दिया। इसके बाद बदमाश लगातार दुकानदार को हथियार के बल पर धमकाते रहे। सुरक्षा के लिए रखी तलवार से खदेड़े बदमाश दुकान मालिक विनय तिवाड़ी ने बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से यहां दुकान चला रहे हैं। जब बदमाशों ने उनसे नकदी निकालने को कहा तो उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए दुकान में रखी तलवार निकाल ली और आरोपियों को खदेड़ने की कोशिश की। तलवार देखकर घबराए बदमाशों ने दुकान के केबिन के बाहर लगे शीशे पर वार कर दिया और वहां तोड़फोड़ कर दी। करीब 3 से 5 मिनट तक बदमाश दुकान के अंदर हंगामा करते रहे। दुकानदार के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इलाके के लोगों के अनुसार दोनों बदमाश स्प्लेंडर बाइक पर आए थे, जबकि उनका एक साथी लिंक रोड के पास खड़ा होकर रेकी कर रहा था। 112 पर पुलिस को दी सूचना,सीसीटीवी में कैद हुई घटना घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दुकानदार ने तुरंत 112 कंट्रोल रूम पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस और चौकी जनक पुरी के इंचार्ज धर्मेंद्र मौके पर पहुंच गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *