लुधियाना में युवकों में झड़प, एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी:कुमाऊं विकास परिषद का रजत जयंती समारोह, गाली-गलौज- हाथापाई, जान बचाने के लिए भागे लोग

लुधियाना के हैबोवाल कलां स्थित कुमाऊं भवन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उत्तरांचल- कुमाऊं विकास परिषद द्वारा आयोजित उत्तरैणी कौतिक 2026 के भव्य कार्यक्रम में अचानक विवाद हो गया। परिषद स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह में जहां एक ओर पहाड़ी संस्कृति की छटां बिखरी हुई थी, वहीं दूसरी ओर युवाओं के बीच हुए झड़प देखने को मिली । मंच पर सम्मान, पीछे हंगामा कार्यक्रम के दौरान एक तरफ मंच से घोषणाएं की जा रही थीं और गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जा रहा था। इसी बीच पंडाल में पिछली कतारों में बैठे कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज से शुरू हुई बात हाथापाई और फिर कुर्सी-युद्ध में तब्दील हो गई। जिसका वीडियो भी सामने आया है वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ कुर्सियां बरसा रहे हैं जिससे पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में क्या दिखा वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि, कार्यक्रम में अनाउंसमेंट चल रही है और लोग सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद ले रहे हैं। वहीं, पीछे की सीटों पर हंगामा शुरू होता है। युवक प्लास्टिक की कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करते हैं। हमले के दौरान कई कुर्सियां टूटकर बिखर गईं और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते दिखे। पुलिस ने कहा वीडियो मिला है जांच जारी है इस पूरे घटनाक्रम पर थाना हैबोवाल पुलिस का कहना है कि उन्हें कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी तो थी, लेकिन इस हिंसक झड़प की आधिकारिक शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। मामले का वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। विवाद किस कारण से हुआ फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। हम जल्द ही संस्था के प्रधान को पूछताछ के लिए बुलाएंगे ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। आयोजकों की चुप्पी समाज में रोष 25वीं वर्षगांठ जैसे गौरवशाली अवसर पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और उत्तरांचल समाज में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस तरह की अनुशासनहीनता से समाज की छवि धूमिल होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *