पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ अभियान चलाए जाने के बावजूद युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। लुधियाना के कूमकलां थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में एक गरीब परिवार का युवक नशे के कारण जान गंवा बैठा। मृतक की पहचान जसवीर सिंह नीला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जसवीर के पिता देश राज ने सुबह उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। जांच करने पर पता चला कि जसवीर की मौत हो चुकी थी। पिता ने ही गांव वालों को इस घटना की सूचना दी। यह परिवार पर दूसरी त्रासदी है। करीब एक साल पहले जसवीर के भाई भूपिंदर सिंह उर्फ आशु की भी मृत्यु हो गई थी। बताया गया है कि भूपिंदर पहले नशा करता था, लेकिन बाद में उसने यह आदत छोड़ दी थी। उसकी मौत एक सड़क दुर्घटना में हुई थी। जसवीर की मौत के बाद परिवार में अब केवल पिता देशराज बचे हैं, जो स्वयं शराब का सेवन करते हैं। परिवार का कहना है कि नशे ने उनके पूरे परिवार को तबाह कर दिया है। जसवीर सिंह मजदूरी का काम करता था। बताया गया है कि अपनी मौत से एक दिन पहले ही वह मिस्त्री से अपनी मजदूरी के पैसे लेकर आया था।