लुधियाना में बीती रात श्रृंगार सिनेमा रोड स्थित अशोक किराना वाली गली में स्कूटी सवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर रोक लिया। उससे नकदी और अंगूठी छीन ली। राहगीर दूध लेकर घर जा रहा था। जैसे ही वह स्कूटी लेकर गली से गुजरने लगा तो बदमाशों ने उसे आवाज देकर रोका और उस पर दातर से वार किया। एक बदमाश ने हाथ में पहनी अंगुठी मुंह से काट कर उतरवा ली। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है। स्कूटी पर दूध लेकर जा रहा था घर पीड़ित रिंकू मल्होत्रा ने बताया कि वह स्कूटी पर दूध लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अशोक किराना वाली गली के पास पहुंचे तो तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों के पास धारदार हथियार और एक पिस्टल जैसी वस्तु थी। 3 से 4 हजार नकदी छीनी रिंकू के अनुसार बदमाशों ने उनसे करीब 3 से 4 हजार रुपये की नकदी और हाथ में पहनी अंगूठी छीन ली। आरोप है कि बदमाशों ने अंगूठी हाथ से निकालने के लिए दांतों का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान उन्होंने मारपीट भी की, जिससे रिंकू के कंधे और बाजू पर कट के निशान आए हैं। पीड़ित ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मौके पर पार्षद गौरवजीत गोरा भी पहुंचे जिन्होंने कहा कि पुलिस की नफरी ना होने के कारण इलाके में वारदातें बढ़ रही है। लोगों ने तुरंत धर्मपुरी पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 3 के एसएचओ नरदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कई एंगलों से सीसीटीवी फूटेज कर रहे चैक-SHO नरदेव सिंह एसएचओ नरदेव सिंह ने बताया कि इलाके की अलग-अलग गलियों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। एक कैमरे में बदमाश रिंकू के साथ मारपीट करते नजर आए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जल्द ही बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।