अमृतसर से नांदेड़ जा रही सचखंड एक्सप्रेस (12715) में रेल यात्रियों की सुरक्षा और सतर्कता का बड़ा उदाहरण सामने आया है। ट्रेन के टिकट चेकिंग स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को काबू किया है। आरोपी के पास से एक यात्री और रेलवे विभाग के ही एक कर्मचारी का चोरी हुआ मोबाइल बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार, सचखंड एक्सप्रेस के कोच B-4 में सीट संख्या 1 पर यात्रा कर रहे एक यात्री का मोबाइल अचानक चोरी हो गया। यात्री ने इसकी सूचना ड्यूटी पर मौजूद टिकट चेकिंग स्टाफ को दी। स्टाफ ने तुरंत हरकत में आते हुए संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। संदेह होने पर ली तलाशी, खुला राज
जांच के दौरान चेकिंग स्टाफ को ट्रेन में घूम रहे एक संदिग्ध युवक पर शक हुआ। जब उससे पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। सख्ती से तलाशी लेने पर चोर से यात्री का मोबाइल जो कोच B-4 से चोरी हुआ था मिला। विभाग के ही एक कर्मचारी का मोबाइल भी उससे मिला, जिसे उसने पहले चुराया था। राजपुरा में रेलवे पुलिस के हवाले किया आरोपी
जैसे ही ट्रेन राजपुरा स्टेशन पहुंची, टिकट चेकिंग स्टाफ ने आरोपी को पूरी जानकारी के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सुपुर्द कर दिया। RPF ने मोबाइल जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने की टिकट चेकिंग स्टाफ की सराहना
फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों ने टिकट चेकिंग स्टाफ के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है। रेलवे प्रशासन ने दोहराया कि फिरोजपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की संरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।