लुधियाना में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत:पति के साथ सामान लेने जा रही थी, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, सिर पहिए के नीचे आया

लुधियाना के 32 सेक्टर रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपत्ति सड़क पर गिर गए। महिला ट्रक के टायर के नीचे आ गई, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया। राहगीरों ने भाग रहे ट्रक चालक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया है। मृतक महिला की पहचान बाबा जीवन सिंह नगर निवासी शीला (60) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शीला अपने पति के साथ बाइक पर घर का राशन और अन्य सामान लेने के लिए निकली थीं। जैसे ही वे 32 सेक्टर रोड के पास पहुंचे ताजपुर रोड की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति-पत्नी दोनों बाइक से गिरे। पति सड़क के किनारे गिरा जबकि शीला ट्रक की ओर गिर गईं और पिछला टायर उनके ऊपर से निकल गया। वारदात के बाद चालक ने ट्रक भगाने की कोशिश की लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कहा शव को मोर्चरी भेजा जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक हिरासत में है। महिला के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *