लुधियाना में ₹15 हजार रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार:मां-बहन को केस में न फंसाने के एवज में मांगी थी, विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की

पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए लुधियाना में तैनात एक एएसआई को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एएसआई लखविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो पुलिस स्टेशन PAU के तहत किचलू नगर पुलिस चौकी का इंचार्ज था। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के मुताबिक, यह कार्रवाई बैंक कॉलोनी, नूरवाला रोड निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके खिलाफ दर्ज एक मामले की जांच आरोपी एएसआई कर रहा था। इस दौरान एएसआई ने उसकी बहन और मां को केस में न फंसाने के बदले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रिकॉर्डिंग में रिश्वत हुआ खुलासा शिकायतकर्ता ने इस मांग की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और रिश्वत देने के बजाय विजिलेंस ब्यूरो, लुधियाना रेंज से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के दौरान दो सरकारी गवाह भी मौके पर मौजूद थे। इस संबंध में आरोपी एएसआई के खिलाफ विजिलेंस थाना, लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *