लुधियाना में 119 एटीएम से 1 करोड़ की ठगी:मशीनों से छेड़छाड़ कर निकालते थे कैश, फिर खाते में वापस आ जाता था पैसा

लुधियाना में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने शहर के अलग-अलग एटीएम में तकनीकी खामी का फायदा उठाकर करीब 1 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी कर ली। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, लुधियाना कमिश्नरेट ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 119 एटीएम को बनाया निशाना जानकारी के अनुसार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को 2020 से 2021 के बीच कई एटीएम ट्रांजैक्शनों में गड़बड़ी का पता चला। जांच में सामने आया कि ठगों ने शहर के 119 एसबीआई एटीएम कियोस्क को निशाना बनाया और मशीनों से छेड़छाड़ कर बैंक को लगभग 1 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया। कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस इस संबंध में बैंक ने मामले को लेकर लुधियाना सेशन कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। एफआईआर एसबीआई ट्रेजरी ब्रांच, सिविल लाइंस के मैनेजर अविनाश कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120-B (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है। ऐसे करते थे ठगी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एटीएम से पैसा निकालते समय मशीन में तकनीकी छेड़छाड़ कर देते थे। इससे सिस्टम में ट्रांजैक्शन फेल दिखता था, जबकि कैश पहले ही बाहर निकल चुका होता था। इसके बाद बैंक का सिस्टम उस ट्रांजैक्शन की रकम अपने-आप खाते में वापस डाल देता था। इस तरह आरोपी कैश भी ले जाते थे और खाते में पैसा भी वापस आ जाता था। पुलिस जुटा रही सबूत साइबर क्राइम थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इसी तरीके से शहर के कई एटीएम पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की डिटेल जुटा रही है और संबंधित एटीएम कियोस्क की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *