लुधियाना में धोखाधड़ी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सीजीएसटी लुधियाना ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 22.13 करोड़ रुपए की जीएसटी चोरी का खुलासा किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए विभाग ने फर्म के मालिक को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विभाग ने फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ स्थित लोहे और स्टील कारोबार से जुड़ी एक फर्जी जीएसटी फर्म का पर्दाफाश किया है, जो नकली बिल जारी कर अवैध तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) ले रही थी। जांच में सामने आया कि उक्त फर्म ने फर्जी जीएसटी इनवॉइस के जरिए 22.13 करोड़ रुपए का अयोग्य इनपुट टैक्स क्रेडिट प्राप्त कर उसे आगे पास किया, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई सीजीएसटी लुधियाना कमिश्नरेट ने कहा कि टैक्स धोखाधड़ी पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसी फर्जी बिलिंग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य ईमानदार करदाताओं के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी कारोबारी माहौल सुनिश्चित करना है।