पंजाब के लुधियाना से आम आदमी पार्टी (AAP) MLA के छोटे बेटे ने एक शादी समारोह में हवाई फायरिंग कर दी। विधायक के बेटे ने खुलेआम हवा में 2 फायर किए। इस दौरान उसके बड़े भाई ने गोली चलाने से रोकने का प्रयास भी किया। अब मामले से जुड़ा अब वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बैकग्राउंड में पंजाबी सॉन्ग चल रहा है। शादी समारोह MLA जीवन सिंह संगोवाल के क्षेत्र के गिल गांव में हुआ था। अभी यह सामने नहीं आया कि शादी कब और किसके यहां हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में विधायक के बेटे को पूछताछ के लिए बुलाया है। हथियार की जांच की जाएगी। सूत्रों मुताबिक पता चला है कि विधायक संगोवाल को भी AAP हाईकमान ने दिल्ली में तलब किया है। वहीं, विधायक जीवन सिंह संगोवाल ने कहा कि वीडियो में गोली चलाने वाला उनका बेटा है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उनका बेटा जगपाल टॉय गन से गोली चला रहा था। अब जानिए वीडियो में क्या दिख रहा
फायरिंग से जुड़ा एक 5 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। DJ बज रहे थे। गाना चल रहा था साड्डी पंताली ते पचासी बिल्लो बोर, बोरां अगे दस्स कीदा चलदा जोर। इस दौरान MLA का छोटा बेटा जगपाल डांस फ्लोर पर आया और पिस्टल ऊपर कर फायर करने शुरू कर दिए। एक के बाद एक उसने 2 फायर किए। वीडियो में बड़े भाई दविंदर सिंह उर्फ लाडी भी दिखाई दे रहे हैं, जो फायरिंग के बाद जगपाल को रोकने की कोशिश करते दिखे। अब पढ़िए ACP की 2 अहम बातें… 2 साल पहले बड़े बेटे की शादी में पहुंचे थे CM
करीब 2 साल पहले विधायक जीवन सिंह संगोवाल के बड़े बेटे की शादी हुई थी। कार्यक्रम खन्ना में हुआ था। इसमें सीएम भगवंत मान पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ पहुंचे थे। कई अन्य मंत्री भी आए थे।