पंजाब के लुधियाना जिले में रविवार को एक NRI महिला का शव उसके घर के बाथरूम में पड़ा मिला। शव के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे, शरीर पर चोट के निशान भी हैं। पुलिस ने नाक-मुंह दबाकर महिला की हत्या की आशंका जताई है। मृतका की पहचान सुरजीत सिंह की पत्नी जगपाल कौर (81) के रूप में हुई है। महिला लंबे समय से कनाडा में रहती थी और अक्टूबर 2025 में ही पंजाब आई थी। उसे अप्रैल 2026 में कनाडा लौटना था। उसके 2 बच्चे हैं, जो कनाडा में ही हैं। महिला घर में अकेली थी। घर से जब बदबू आई, तब पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया था। पुलिस अब घर के आसपास लगे CCTV खंगाल रही है। तेज बदबू आने पर पुलिस को बताया जानकारी के मुताबिक, लुधियाना जिले के खन्ना शहर की नई आबादी इलाके में जगपाल कौर रह रही थीं। उनकी दूर की रिश्तेदार ने बताया कि जगपाल रिटायर्ड टीचर थीं और लंबे समय से कनाडा में रही थीं। वह अक्टूबर 2025 में कनाडा से भारत आई थीं और अप्रैल 2026 में कनाडा लौटने की तैयारी में थीं। रिश्तेदार ने बताया कि जगपाल कौर खन्ना स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं। रविवार सुबह उनके पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी कि जगपाल के घर से तेज बदबू आ रही है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला तो महिला का शव बाथरूम में पड़ा था। रिश्तेदार बोलीं- मैं पिछले सप्ताह ही मिलकर गई महिला के भांजे की पत्नी ने बताया- जगपाल कौर विदेश की सिटीजन थी। इनके बच्चे भी कनाडा में सेटल हैं। मुझे आज सुबह करीब 10 बजे फोन कर इनकी नौकरानी ने बताया कि जगपाल कौर को वॉशरूम में बांध कर गिराया हुए हैं। मौके पर आकर जब देखा तो उनकी जान जा चुकी थी। उन्होंने बताया- इनके साथ पहले किराएदार रहते थे, जिन्होंने 15 दिन पहले ही कमरा खाली किया था। मैं इनके पास पिछले सप्ताह आकर गई थी। मैंने कहा था कि आप मेरे पास रहने आ जाओ। तब कह रही थीं कि घर अकेला नहीं छोड़ सकती। मार्च या अप्रैल में उन्हें वापस कनाडा जाना था। इनके बच्चों को फोन कर बता दिया है। हत्या से पहले मारपीट की आशंका वहीं, पुलिस का कहना है कि मृतका के हाथ और मुंह बंधे हुए थे। इससे संकेत मिलता है कि हमलावरों ने पहले उन्हें काबू किया और फिर हत्या को अंजाम दिया। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि हत्या से पहले महिला के साथ मारपीट भी की गई होगी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घर से कोई कीमती सामान या नकदी गायब तो नहीं हुई है, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। SP बोले- मुंह दबाकर कत्ल किया खन्ना के SP पवन कुमार ने बताया कि आज डायल-112 पर घटना की सूचना मिली थी। जब मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो देखा कि महिला का मुंह दबाकर कत्ल किया गया है। प्राथमिक जांच की गई है। फारेंसिक टीम भी बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड को ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। मृतक बुजुर्ग जगपाल कौर बतौर शिक्षिका सेवामुक्त थीं। विदेश में इनका एक बेटा और बेटी हैं। अभी मामले की और गहनता से जांच कर रहे हैं।