लुधियाना मे कमेटी के पैसों को लेकर विवाद:घर में घुसकर महिला और परिवार पर हमला जांच में जुटी पुलिस

लुधियाना के थाना टिब्बा इलाके के अंतर्गत आते शिव शक्ति एन्क्लेव में पैसे के लेन-देन को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहां मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि हमलावरों ने एक घर में घुसकर महिला और उसके परिजनों के साथ जमकर मारपीट की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से एक हमलावर को हिरासत में ले लिया है। क्या था पूरा मामला मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला सावित्री देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 17 महीने की एक कमेटी डाली हुई थी। सावित्री के अनुसार वह समय पर अपनी किस्तें भर रही थीं और अब तक 10 किस्तें चुका चुकी थीं। केवल 7 महीनों की किस्तें ही बकाया थीं। इसी बकाया राशि को लेकर कमेटी चलाने वाले पक्ष के साथ उनका विवाद चल रहा था। सावित्री देवी ने आरोप लगाया कि कमेटी के पैसों की रंजिश के चलते 5-6 अज्ञात लोग अचानक उनके घर में जबरन दाखिल हो गए। हमलावरों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते परिवार पर हमला बोल दिया। शोर शराबा सुनकर जब आसपास के पड़ोसी इकट्ठा होने लगे, तो हमलावर वहां से भागने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों ने एक को दबोचा, पुलिस को सौंपा वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हमलावरों का स्थानीय लोगों ने पीछा किया और एक संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही दबोच लिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने पकड़े गए आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई: पहले मेडिकल, फिर दर्ज होगी FIR पीड़िता जब शिकायत लेकर थाना टिब्बा पहुंची, तो पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें सबसे पहले सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच करवाने के निर्देश दिए। जांच अधिकारी ने कहा महिला की शिकायत हमारे पास आई है। फिलहाल पीड़िता को मेडिकल एग्जामिनेशन के लिए भेजा गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *