भागलपुर शहर में पुलिस बनकर ठगी करने वाले गिरोह ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया। चार शातिर ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को झांसे में लिया और उसके गले की सोने की चेन, हाथ के कंगन समेत करीब छह लाख रुपए के गहने ठग लिए। मामला जोगसर थाना क्षेत्र के घंटाघर के पास का है। घटना शहर के वकील अभयकांत झा की पत्नी उत्तीमा देवी के साथ हुई। पीड़िता उत्तीमा देवी ने जोगसर थाना में अज्ञात चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। शुरुआती जांच में चारों आरोपी कैमरे में कैद हो गए हैं, जिनकी पहचान का प्रयास जारी है। गहना उतार कर बैग में रखने को कहा, पर्स लेकर भागा पीड़िता उत्तीमा देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खलीफाबाग स्थित एक कपड़े की दुकान से खरीदारी कर अपने घर मशाकचक लौट रही थीं। घंटा घर के पास ऑटो से उतरते ही पीछे से एक व्यक्ति ने आवाज दी मां जी, रुकिए, साहब बुला रहे हैं।” जब उन्होंने पूछा कौन साहब, तो बताया गया कि वह पुलिस विभाग के बड़े अधिकारी हैं। कुछ ही दूरी पर एक और व्यक्ति खड़ा मिला, जिसने कहा कि आप इतने गहने पहनकर बाहर क्यों निकली हैं, क्या आपने अखबार नहीं पढ़ा? आजकल लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं। महिला को गहने उतारकर बैग में रखने को कहा गया। आशीर्वाद लेने के बहाने पर्स लेकर गायब हुए ठग पीड़िता ने बताया कि उसी वक्त दो और लोग वहां पहुंचे और बोले कि हम लोग सरकार की तरफ से लोगों को जागरूक करने का नेक काम कर रहे हैं। उन्होंने आशीर्वाद मांगा और पर्स लेते हुए कहा कि गहने पर्स में रख दिए हैं। महिला ने उन्हें आशीर्वाद दिया और घर लौट आई। घर आकर जब पर्स देखा तो उसमें गहने तो दूर, उसमें रखे दस हजार रुपए नकद भी गायब थे। फिलहाल जोगसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ठगों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।