वित्तमंत्री चीमा का MLA खैहरा को चैलेंज,VIDEO:बोले- बदमाशी करदा, जित्थे मर्जी आ जा, कइयां दी कड्‌डी आ; विधानसभा में भिड़े

पंजाब विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस MLA सुखपाल खैहरा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। वित्तमंत्री हरपाल चीमा तो इस कदर गुस्से में आ गए कि खैहरा से सीधे भिड़ गए। चीमा ने कहा- ऐह बदमाशी करदा, जित्थे मर्जी आ जा, तेरे वरगे बंदिया दी बदमाशी कइयां दी कड्‌डी आ। इस दौरान चीमा हाथ से अपनी छाती भी ठोकते रहे। इसको लेकर सदन का माहौल खूब गर्मा गया। इससे पहले खैहरा के विधानसभा में बैठने के अंदाज से AAP विधायक भड़क गए। उन्होंने कहा कि पैर पर पैर रखकर बैठा है। यह सदन की गरिमा के उलट है। खैहरा को बर्खास्त करने की मांग की जाने लगी। इस पर स्पीकर ने खैहरा को सही ढंग से बैठने की चेतावनी दी। बता दें कि खैहरा ने AAP सरकार के महिलाओं को एक हजार रुपए देने की स्कीम को लेकर सोशल मीडिया पर तंज कसा था। जिसमें उनके फेसबुक अकाउंट पर लिखा था कि एक हजार रुपए के लिए गिद्दा डालने वाली बीबीयां सूरमे कहां से पैदा करेंगी। इसको लेकर कल खैहरा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव तक पास हुआ। हालांकि खैहरा का कहना था कि ये उन्होंने नहीं बल्कि एक यूट्यूबर ने कहा था, जिसका उन्होंने उदाहरण दिया था। खैहरा को लेकर ऐसे बढ़ा हंगामा
सुखपाल खैहरा कल उनके खिलाफ विधानसभा में पेश हुए निंदा प्रस्ताव को लेकर सदन में पहुंचे थे। बुधवार को प्रश्नकाल खत्म होते ही खैहरा को लेकर हंगामा हो गया। सदन में AAP विधायकों ने शेम-शेम के नारे लगा दिए। इस दौरान वित्तमंत्री चीमा ने खैहरा को लेकर कहा- यह व्यक्ति हमारी माताओं-बहनों की कोख तक जाने की बात करता है। कल किसी लग्जरी गाड़ी में बैठा होगा, क्योंकि ये लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। बंदा बनकर एक मिनट सुन लो। इस पर चीमा और खैहरा के बीच बहस बढ़ गई और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। चीमा ने स्पीकर को कुछ कहा तो उसके बाद आम आदमी पार्टी के विधायक खड़े हो गए। उनका कहना था कि यह पंजाब विधानसभा में बदतमीजी करता है और हमारी औरतों के बारे में गलत बोलता है। जहां मर्जी आ जा, बाहर आ जा। तेरे जैसे कई बदमाशों की बदमाशी निकाली है। चीमा ने कहा कि संविधान बाबा साहिब अंबेडकर ने बनाया है। उसी संविधान के तहत अरुणा चौधरी विधायक और मंत्री बनीं। माफ करना, आपका भी कोई दादा या परदादा मजदूरी करता होगा। यह सुखपाल खैहरा हमारी मजदूरी पर भी टिप्पणी करता है और हमें बंधुआ मजदूर कहता है। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं मजदूर के घर पैदा हुआ हूं और अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभा रहा हूं। हम 5 बार बजट पेश कर चुके हैं और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। बाजवा साहब का धन्यवाद, लेकिन इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। यह जिस भी पार्टी में जाता है, वहां गड़बड़ कर देता है। चीमा ने कहा कि मैं सोशल मीडिया पर पढ़ रहा था कि कहीं लिखा था तेल चोरी की, कहीं तिरपाल चोरी करते पकड़े गए और कहीं 12वीं की डिग्री छिपाते पकड़े गए। अगर मन में चोर हो, तभी चीजें छिपाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी डिग्री कहीं भी चेक करवा लो। तेरी तरह नहीं कि किसी और को अपनी जगह बैठाकर पेपर पास कर लिया हो। जहां भी इसे पब्लिक प्लेटफॉर्म मिलता है, वहां गलत बोलता है। चीमा ने आखिर में कहा कि पैसे मैं दे दूंगा, इसका इलाज करवा लो। वित्तमंत्री हरपाल चीमा का VIDEO

विधानसभा में CM भगवंत मान की अहम बातें… हिमाचल पर उसी की तरह एंट्री टैक्स लगाने की तैयारी
प्रश्नकाल में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पंजाब के वाहनों पर टैक्स बढ़ाने का मुद्दा उठा। इस पर वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि अफसोस की बात है कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है। वहां की सरकार ने पंजाबियों पर टैक्स 70 रुपए से बढ़ाकर 170 रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है और वहां की सरकार दिवालिया होने के करीब पहुंच गई है। कई स्कीमें वहां बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय मंत्री अपने नियमों का अध्ययन कर हिमाचल के वाहनों पर टैक्स लगाने पर विचार कर सकते हैं। जीरकपुर से लेकर पठानकोट तक का क्षेत्र हिमाचल से लगता है। हमारे कई मंत्रियों और विधायकों के विवाह भी हिमाचल में हुए हैं और उन्हें भी 170 रुपए देने पड़ते हैं। इस पर विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि जिस तरह हिमाचल ने टैक्स लगाया है, क्या हम भी ऐसा नहीं कर सकते। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा मिला हुआ है। वह पहाड़ी राज्य है, इसलिए वहां अलग-अलग तरह के नियम बनाए जा सकते हैं। इस दौरान स्पीकर ने कहा कि आप राज्य के मंत्री हैं। गांव का सरपंच भी गांव में आने वालों पर टैक्स लगा सकता है। विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि हिमाचल को विशेष टैक्स लगाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने विधानसभा में प्रस्ताव पास कर टैक्स लगाया है। क्या मंत्री भी इस तरह कोई कार्रवाई करेंगे? इस पर मंत्री ने कहा कि टोल पीडब्ल्यूडी विभाग के अधीन आता है। हम सभी विभागों के अधिकारियों को बुलाकर इस मामले को देखेंगे। सदन में गैस सिलेंडरों का भी मुद्दा उठा
पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन गैस सिलेंडरों की सप्लाई का मुद्दा उठाया गया। इस दौरान मंत्री लाल चंद कटारुचक ने कहा कि इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर अब दिखने लगा है। उन्होंने निंदा प्रस्ताव पेश किया, जिसपर अब कल वोटिंग होगी। उन्होंने कहा कि गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है और कमर्शियल गैस की सप्लाई में कटौती भी शुरू हो गई है। साथ ही पंजाब में गेहूं का सीजन शुरू होने वाला है, जिससे आगे और संकट पैदा हो सकता है। मंत्री ने यह भी कहा कि गोदामों में पहले से ही जगह कम है। जो किसी पद पर नहीं, उनके नाम के नाम पत्थर
शिरोमणि अकाली दल के विधायक विधायक मनप्रीत अयाली ने कहा कि नए ग्राउंड बनाना अच्छी बात है, लेकिन पहले से बनाए गए ग्राउंडों को उखाड़ा जा रहा है, जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पैसे की बर्बादी हो रही है और ऐसा नहीं होना चाहिए। इस तरह के कामों में चुने हुए नुमाइंदों से भी राय ली जानी चाहिए। भले ही आज उनकी पार्टी सरकार में नहीं है, फिर भी वे अपने क्षेत्र के काम करवाने की कोशिश कर रहे हैं। सरकार अपने खाते से पैसा नहीं देती, बल्कि अन्य योजनाओं के तहत पैसा आता है। वहीं कई जगह ऐसे लोगों के नाम के पत्थर लगाए जा रहे हैं, जिनके पास कोई आधिकारिक पद नहीं है। पहली बार किसानों को तुरंत मुआवजा मिला
पूर्व मंत्री और आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि हमने वोट लेने के समय जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने में अभी चार–पांच दिन बाकी हैं। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि बाढ़ पीड़ितों की जिस तरह मदद की गई और उन्हें मुआवजा दिया गया। इस बार जब वे लोगों को चेक दे रहे थे, तो एक किसान ने कहा कि उन्हें 2019 की बाढ़ का मुआवजा भी नहीं मिला था। पहले लोगों को समय पर मुआवजा नहीं मिलता था। धालीवाल ने कहा कि बाढ़ के दौरान कई किसानों के सोलर सिस्टम भी बह गए हैं। उन्होंने वित्त मंत्री से अपील की कि किसानों को इसके लिए भी मुआवजा दिया जाए। अकाली दल वाले डायनासोर पर चढ़े फिर रहे
विधायक अमृतपाल सुखानंद ने कहा कि खैहरा साहिब जो बातें कर रहे हैं, वह उनकी फ्रस्ट्रेशन को दिखाती हैं। क्योंकि वह हर बार पूछते थे कि महिलाओं को एक हजार रुपए कब दिए जाएंगे। यह महिलाओं पर निर्भर करता है कि वे इस पैसे को किस तरह खर्च करती हैं। यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक कदम है। सड़क सुरक्षा फोर्स का कोई वादा नहीं किया गया था, लेकिन फिर भी इसे शुरू किया गया। सुखानंद ने आगे कहा कि कांग्रेस में हाल यह है कि इनका नेता सबको बैठाकर कहते हैं कि सुधर जाओ, नहीं तो रिजर्व में बैठा दूंगा। वहीं अकाली दल, जिसे अकाली पुरख की फौज कहा जाता था और जो कभी घोड़ों पर चलती थी, आज वह डायनासोर पर चढ़े फिरते नजर आते हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश
मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर दिखना शुरू हो गया है। गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है और कॉमर्शियल गैस सप्लाई में कटौती भी शुरू हो गई है। ऐसे समय में राज्य में गेहूं का सीजन शुरू होने वाला है, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है। उन्होंने कहा कि गोदामों में पहले ही जगह की कमी है, क्योंकि चावल का उठान धीमा चल रहा है। गेहूं की पैकिंग के लिए आमतौर पर जूट के बैग इस्तेमाल किए जाते हैं, जो बांग्लादेश से आते हैं। इस बार जरूरत के मुकाबले केवल तीन लाख बैग ही मिले हैं। इसलिए दो लाख प्लास्टिक बैग की व्यवस्था करने को कहा गया है। कटारूचक ने बताया कि गैस के दामों में बढ़ोतरी भी की गई है, जिसका असर रेस्टोरेंट सहित अन्य क्षेत्रों की सप्लाई पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि चेन्नई और मुंबई में पहले ही दिक्कतें सामने आने लगी हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश करने की बात भी कहीं। शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इसका समर्थन करता हूं। देश के विदेश नीति हुई फेल
वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि देश की विदेश नीति फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव हुआ तो अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि लड़ाई बंद हो रही है और उसके बाद इसकी घोषणा भी हो गई। उन्होंने कहा कि आज जानकारी मिली है कि भारत की कंपनियों के पास तेल और गैस का स्टॉक केवल करीब 20 दिन का ही बचा है। इस मुद्दे पर सदन में विस्तृत बहस होनी चाहिए और कल से इस पर दोबारा चर्चा की जानी चाहिए, क्योंकि इससे देश में आर्थिक संकट पैदा हो सकता है।इस पर स्पीकर ने कहा कि यह केवल आर्थिक संकट नहीं, बल्कि रोटी का संकट भी बन सकता है। बीजेपी के खिलाफ हुई नारेबाजी
वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक शैरी कलसी ने कहा कि आज लोगों को सच्चाई बताने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक तीन-चार लोगों के फोन आ चुके हैं। कई लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि शादियों में आने वाले मेहमानों को कैसे संभालेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस संकट के मुद्दे पर बीजेपी सरकार चुप बैठी है। सरकार को बताना चाहिए कि गैस की किल्लत के बारे में लोगों को सही जानकारी कौन देगा। इस दौरान सदन में बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *