लुधियाना| विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने वाले मशहूर ठग भाई-बहन के खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ है। इस बार गांव ललतों कलां निवासी एक व्यक्ति ने इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता नगिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि साल 2024 में उन्होंने अपने बेटे अमनदीप सिंह को इंग्लैंड भेजने के लिए ग्लोबल वे इमिग्रेशन नाम की कंपनी से संपर्क किया था। आरोपियों ने जल्दी वीजा लगवाने का भरोसा दिलाया और सौदे की शुरुआत में उनसे 7.69 लाख रुपए ले लिए। काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो वीजा लगा और न ही कोई ठोस जवाब मिला। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उक्त कंपनी के संचालक अमित मल्होत्रा, वीनू मल्होत्रा और करन पहले भी कई लोगों से इसी तरह ठगी कर चुके हैं। जब वह कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना मॉडल टाउन से जांच अधिकारी रूप लाल ने बताया कि सभी आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है ।