विदेश भेजने के नाम पर 15.34 लाख की ठगी, ट्रैवल एजेंट काबू

जालंधर | थाना 8 पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक ट्रैवल एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रणदीप कुंडल उर्फ रिशु निवासी गुरु नानकपुरा वेस्ट, रामा मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता माधव शाली निवासी बैकसाइड सेवक राम अस्पताल, जालंधर ने बताया कि आरोपी ने उसे वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का झांसा दिया था। इस दौरान आरोपी ने किश्तों में कुल 15 लाख 34 हजार 500 रुपये वसूल लिए। काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो वीजा लगा और न ही विदेश भेजने की कोई प्रक्रिया आगे बढ़ी। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी बहाने बनाकर टालमटोल करने लगा। मामले में अजय सहगल, सनी तंवर और राकेश राखी समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी की भूमिका की जांच कर रही है। थाना नंबर 8 में दर्ज केस की जांच सब-इंस्पेक्टर जगदीश लाल की अगुवाई में की जा रही है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रणदीप कुंडल को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के पास ट्रैवल एजेंट के रूप में काम करने के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वह युवाओं को विदेश भेजने के सपने दिखाकर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को इसी तरह ठगा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *