विधानसभा में CM के लंबे भाषण से कांग्रेसी परेशान:विधायक कादयान और बत्रा उनकी सीट पर पहुंचे, मंत्री नरबीर बोले- डबल सेंचुरी हो गई, अब रहने दो

हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र का आज (25 फरवरी) चौथा दिन रहा। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। दोपहर बाद कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव रखा। इस दौरान HSC और HPSC में नौकरियों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सबसे पहले कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने अपनी बात रखीं। कहा कि हमारे यहां पर्ची खर्ची चलती थी, लेकिन इनके यहां तो HPSC ऑफिस में अटैची की अटैची मिल रही है। इस पर पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि आपके समय में नौकरियां रोहतक से बांटी जाती थीं। मैं यदि नाम पढ़ूंगा तो बवाल हो जाएगा। उन्होंने गायत्री हुड्‌डा का नाम लिया। बोले- ये राजेंद्र सिंह हुड्‌डा की बेटी है, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के भतीजे हैं। पूर्व सीएम हुड्‌डा ने मंत्री को टोका। कहा कि हम पांच भाई, किसी के भी बेटे का नाम राजेंद्र नहीं, मंत्री अपनी बात साबित करें। विधायक बत्रा ने स्वतंत्र जांच एजेंसी से एचपीएससी की वर्किंग की जांच कराने की मांग रखी। कहा कि जब मैं 13 महीने तक एचपीएससी में था, तब मुझ पर मेंबर दबाव बनाते थे। इतना परेशान हो गया कि मैं रोने लगा। इसके बाद सीएम सैनी ने विपक्ष के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि एक भर्ती रोको गैंग खड़ा किया है, जिसके कारण अधिकांश भर्तियां कोर्ट में चली गईं। मगर, कोर्ट ने सभी भर्तियों पर ऐसी मुहर लगाई है कि वह फिर से सही हो गईं। सीएम के दो घंटे से ज्यादा भाषण दिया, जिस पर कांग्रेस विधायकों ने स्पीकर हरविंद्र कल्याण के सामने विरोध जताया। स्पीकर के मना करने पर कांग्रेसी विधायक रघुबीर कादियान और बीबी बत्रा सीएम की सीट पर ही पहुंच गए। इसके बाद राव नरबीर वहां आए और सीएम से और आगे जवाब न देने का आग्रह किया। बोले- आज तो डबल सेंचुरी हो गई, अब रहने दो जी। इसके बाद सीएम ने संबोधन खत्म किया। स्पीकर ने कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। हुड्‌डा बोले- हमारे नेता हाउस अरेस्ट किए, मंत्री ने कहा- आप गुलछर्रे उड़ाने आते हो
इससे पहले रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने हरियाणा में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का मुद्दा उठाया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि हमारी सुरक्षा पर सवाल है, सरकार को इस पर जवाब देना होगा। इस पर स्पीकर हरविंद्रर कल्याण ने कहा कि ये यूटी प्रशासन का फैसला है। ये विधानसभा परिसर में नहीं हुआ। इसलिए वो यहां का विषय नहीं है। इस पर हुड्‌डा ने कहा कि सरकार जवाब नहीं देगी तो हम विधानसभा से मुख्यमंत्री को बाहर नहीं निकलने देंगे। कांग्रेस विधायकों ने सदन में हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं की फोटो लहराई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी को हाउस अरेस्ट नहीं किया गया। महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री जवाब दे चुके हैं। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने सुना नहीं। महीपाल ढांडा ने पलटवार करते हुए कहा कि क्या आप सदन में सिर्फ गुलछर्रे उड़ाने आते हो? इसके बाद भी कांग्रेस ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। हुड्‌डा CM से बोले- मुझे न बताएं जाम क्यों लगा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हर बार कांग्रेस एक नया शिगूफा लेकर आती है। हाउस अरेस्ट की हमारी जानकारी में कोई मामला नहीं है। चंडीगढ़ में सेक्टर 25 में स्थान निर्धारित है, वहां जाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। मगर विधानसभा के आसपास प्रदर्शन किया, इस पर यूटी प्रशासन ने संज्ञान लिया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि मैं हाईकोर्ट का सीनियर वकील रहा हूं। मुझे ना बताएं कि जाम किस कारण लगा है। गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा के बीच कॉरिडोर बनेगा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 24 फरवरी को एक बैठक हुई थी, जिसमें गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा के बीच बनने वाले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर के अंतिम एलाइनमेंट को स्वीकृति दी गई है। इस कॉरिडोर का 52 किलोमीटर का भाग हरियाणा में होगा। यह गुरुग्राम के इफको चौक से शुरू होकर फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ेगा, जिससे ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी। यह गुरुग्राम की मेट्रो लाइन से भी जुड़ेगा। फरीदाबाद में 16 किलोमीटर का इंटीग्रेटेड सेक्शन जुड़ेगा। इसकी जल्द ही डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर काम पूरा किया जाएगा। मनरेगा को लेकर कांग्रेस ने बुलाया प्रदर्शन कांग्रेस ने मनरेगा का नाम जी राम जी करने को लेकर आज विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया था। चंडीगढ़ पुलिस ने परमिशन देने से इनकार करते हुए सेक्टर 9 स्थित कांग्रेस कार्यालय के पास BNS की धारा 163 (पहले 144) लगाई है। साथ ही ऑफिस के बाहर नोटिस भी चिपका दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हर जिले में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया है। विधानसभा की कार्यवाही के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *