विधायक को अधिकारियों ने करवाया इंतजार, GM को नहीं न्योता:रेवाड़ी में 13 साल बाद बस स्टैंड का निर्माण शुरू, 40 करोड़ होंगे खर्च

रेवाड़ी में 13 साल के इंतजार के बाद नए बस अड्‌डे का निर्माण शुरू हुआ। बस स्टैंड निर्माण का शुभांरभ करने पहुंचे विधायक को अधिकारियों का इंतजार करना पड़ा। बूंदाबांदी के बीच जब अधिकारी नहीं आए तो विधायक कार्यकर्ताओं के साथ भूमि पूजन करने पहुंच गए। हालांकि भूमि पूजन शुरू होने से पहले PWD के कार्यकारी अधिकारी सतेंद्र श्योराण मौके पर पहुंच गए। ताज्जुब की बात तो यह है कि रोडवेज जीएम को तो निमंत्रण ही नहीं मिला। जबकि बस स्टैंड की जमीन रोडवेज विभाग के नाम है और उसी को उसका उपयोग करना है। अब मामले को मिस कम्युनिकेशन बताकर विवाद से बचने का प्रयास कर रहे हैं। रामगढ़ रोड के दक्ष प्रजापति चौक पर 20 एकड़ में बनने वाले भवन पर 40 करोड़ की लागत आएगी। जिसमें एक साथ 18 बसें खड़ी हो सकेगी। जिसे पूरा करने के लिए दो साल का समय निर्धारित किया गया है। 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के कार्यकाल में नए बस स्टैंड का शिलान्यास हुआ था। जिसका निर्माण कार्य 18 फरवरी को शुरू हो पाया है। व्यस्तता के कारण देरी का मैसेज रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा ने कहा कि बसों को लेकर एक कंपनी की वर्कशॉप का कार्यक्रम में व्यस्त था। जब मैसेज देखकर जाने का प्रोग्राम बनाया, तब तक कार्यक्रम संपन्न हो चुका था। मिस कम्युनिकेशन के कारण ऐसा हुआ और यह कोई बड़ा इश्यू नहीं है। हमें खुशी है कि लंबे इंतजार के बाद बस स्टैंड का निर्माण शुरू हो गया और अगले दो साल में हमें यह मिल जाएगा। अचानक बना कार्यक्रम, जीएम व्यस्त पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सतेंद्र श्योराण ने कहा कि बस स्टैंड निर्माण का मामला लंबे समय से अटका हुआ था। फाइल हाईपॉवर कमेटी के पास थी। दो दिन पहले हुई मीटिंग में इसे स्वीकृति मिली। जिसके बाद निर्माण में तेजी लाने के लिए यह कार्यक्रम रखा गया। हम अनऔपचारिक रूप से काम पहले शुरू कर चुके थे। जीएम पहले से निर्धारित कार्यक्रम में व्यस्त थे। ऐसे अच्छे मौके पर इसे बेवजह बढ़ाना सही नहीं है। शहर को जाम से मिलेगी मुक्ति रेवाड़ी का बस स्टैंड शहर में बना हुआ है। जिससे शहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। बस स्टैंड शहर से बाहर शिफ्ट होने के बाद शहर को काफी हद तक जाम से मुक्ति मिलेगी। शहर से बस स्टैंड की दूरी अधिक होने के कारण बाजार, सचिवालय और रेलवे स्टेशन आने जाने वालों को परेशानी भी होगी। फिलहाल बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन, सचिवालय और बाजार आसानी से आवागमन किया जा सकता है। रामगढ़ रोड पर एग्जिट-एंट्री नहीं बस स्टैंड का निर्माण रामगढ़ रोड पर किया जा रहा है। फिलहाल रामगढ़ रोड पर बस की एंट्री और एग्जिट आउटर सरकुलर रोड पर ही रहेगी। जिससे नया बस स्टैंड बनने के बाद भी बसों का हाइवे पर आवागमन दिल्ली रोड से ही रहेगा। रामगढ़ रोड न केवल सीधा हाइवे से जुड़ा है, बल्कि इससे आवागम करने पर दूरी भी आधे से कम है। रेवाड़ी को मिलेगी नई पहचान विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि बस स्टैंड पूरी तरह से आधुनिक होगा। जिससे रेवाड़ी को नई पहचान मिलेगी। करीब 15 एकड़ में बस स्टैंड भवन का निर्माण होगा। पांच एकड़ में वर्कशॉप और चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। बस स्टैंड का भवन दो मंजिला होगा। 40 करोड़ बस स्टैंड निर्माण और 25 करोड़ दूसरे कार्यों पर खर्च होंगे। सीएम सैनी ने किया था शुभारंभ उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसका शुभारंभ किया था। ठेकेदार और अधिकारियों निर्देश दे दिए गए हैं। देरी के सवाल पर विधायक ने कहा कि 2013 में जल्दबाजी में तत्कालीन सरकार ने शिलान्यास कर दिया। जिसके चलते कोर्ट केस इत्यादि के चलते निर्माण में देरी हुई। जिसका निर्माण कार्य आज शुरू कर दिया गया तथा अलग दो साल में इसे पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *