सत्ताधारी दल की विधायक सोनम रानी ने शुक्रवार देर रात एक सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अस्पताल की बदहाल स्थिति और मरीजों को मूलभूत सुविधाओं की कमी नजर आई। विधायक ने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई और सुधार न होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान उनके पति और जिला बीस सूत्री सदस्य सिकंदर सरदार भी मौजूद थे और उन्होंने भी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। मरीजों को नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं निरीक्षण के दौरान विधायक सोनम रानी ने देखा कि ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों को कंबल और बेडशीट जैसी आवश्यक चीजें नहीं दी जा रही थीं। अस्पताल के वार्ड, प्रसव कक्ष, आपातकालीन सेवा और शिशु वार्ड सहित अन्य विभागों में साफ-सफाई और मरीजों की देखभाल की स्थिति खराब पाई गई। शिशु वार्ड और विशेषज्ञ डॉक्टर के चेंबर में अक्सर ताला लगा रहता है, जिससे परिजनों को काफी परेशानी होती है। विधायक ने सुधार और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी विधायक सोनम रानी ने अस्पताल अधिकारियों और कर्मियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके पति सिकंदर सरदार ने भी कहा कि संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को लाभ नहीं मिल रहा है और यदि सुधार नहीं हुआ तो वे खुद हस्तक्षेप करेंगे। वर्तमान में बड़े अनुमंडलीय अस्पताल में मात्र छह चिकित्सक ही कार्यरत हैं, और अक्सर मरीजों को अन्यत्र रेफर किया जाता है। इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।