विपक्ष को जवाब देने के लिए हर बूथ पर वक्ता तैयार करेगी भाजपा

भाजपा ने हर बूथ पर वक्ता बनाने की योजना तैयार की है। पहले सभी जिलों में वक्ता बनेंगे, फिर मंडलों और इसके बाद हर बूथ पर वक्ता होंगे। पार्टी ने भविष्य की योजना तैयार की है। इसके लिए पार्टी ने प्रशिक्षण महाअभियान चलाने का निर्णय लिया है। 16 फरवरी को चंडीगढ़ में आठ प्रदेशों के वक्ता भाग लेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी उपस्थित रहेंगे। हरियाणा की ओर से 20 वक्ताओं की सूची तैयार की गई है, इसमें मंत्री और विधायक भी शामिल हैं। 16 फरवरी को चंडीगढ़ में होने वाले कार्यक्रम में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, लद्दाख और उत्तराखंड के वक्ता भी भाग लेंगे। इसके बाद सभी 27 जिलों जिनमें शहरी व ग्रामीण जिले शामिल हैं, 14-14 वक्ता बनाए जाएंगे। इसके बाद सभी 20629 बूथों पर वक्ता बनेंगे। हरियाणा भाजपा की ओर से सभी 525 मंडलों में भी वक्ता तैयार होंगे। जो सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। यही नहीं, भविष्य में विपक्ष को जवाब देने के लिए भी ये वक्ता हर बूथ पर होंगे। भाजपा ने पूरे देश को छह जोन में बांटा है। 7 मार्च से 14 अप्रैल तक होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम भाजपा ने प्रदेश में सात मार्च से 14 अप्रैल तक सभी 377 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर स्तर पर वर्करों को नई तकनीक, संगठनात्मक कार्यशैली, जन संपर्क के तरीकों से अवगत कराया जाएगा। इससे पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत होगी। वर्कर्स को तथ्य आधारित जवाब देना सिखाया जाएगा, ताकि वे जनता तक सही जानकारी पहुंचा सकें। पंच परिवर्तन में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। प्रशिक्षण के जरिए वर्करों को इन मूल्यों से जोड़ा जाएगा। आधुनिक उपकरणों और प्लेटफार्म के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। वक्ता विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब भी देंगे चंडीगढ़ में होने वाले आयोजन में इन वक्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। पार्टी की योजना है कि हर बूथ पर पार्टी की नीतियों को बताया जाएगा। यदि विपक्ष किसी तरह का दुष्प्रचार करेगा तो इसका जवाब भी वक्ताओं द्वारा दिया जाएगा। सभी वक्ताओं को बाकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा। पार्टी की ओर से कितने वक्ता बन गए हैं और कितने बनाने हैं, यह पूरी रिपोर्ट राज्य इकाई तैयार करेगी। हर रोज की रिपोर्ट भी ली जाएगी। हरियाणा की तरह दूसरे राज्यों में भी यह योजना लागू की जाएगी। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अनुसार हरियाणा की ओर से 20 वक्ताओं का चयन कर लिया गया है। यह चयन पार्टी हाईकमान के निर्देश पर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *