शहाबुद्दीन के बेटे आए-गए, एक भी सवाल नहीं पूछा:आईपी गुप्ता-मैथिली ने सरकार को किया परेशान, चिराग के विधायक ‘खामोश’; जानिए अपने MLA का हाल

विधानसभा के बजट सत्र की लगभग 90% कार्यवाही पूरी हो गई है। इस सत्र में अब मात्र 4 दिन काम होगा। इस विधानसभा में ये पहली बार है जब विधायकों को प्रश्नकाल में शामिल होने का मौका मिल रहा है। 13 दिनों की कार्यवाही में अब तक कुल 1877 तारांकित और 63 अल्पसूचित प्रश्न पूछे गए। इन 1940 सवालों की स्टडी में ये पता चला कि लगभग 30% सवाल पहली बार सदन पहुंचने वाले विधायकों ने पूछे हैं। इसे नंबर के लिहाज से देखें तो 535 तारांकित और 20 अल्पसूचित प्रश्न फर्स्ट टाइमर विधायक की तरफ से पूछे गए। शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब आए-गए, लेकिन अब तक एक भी सवाल नहीं पूछा। वहीं,
आईपी गुप्ता और मैथिली ठाकुर ने अपने सवालों से सरकार को परेशान किया। चिराग पासवान के विधायक भी ‘खामोश’ रहे। मंडे स्पेशल स्टोरी में पढ़िए, पहली बार विधायक बने नेताओं ने कैसा प्रदर्शन किया है। विरासत में सियासत पाने वाले किस तरह के मुद्दे उठा रहे हैं? सबसे पहले चुनाव में चर्चित दो चेहरों के परफॉर्मेंस जानिए इस चुनाव के दौरान दो चेहरों की चर्चा सबसे ज्यादा रही। एक सीवान के रघुनाथपुर विधानसभा से चुनाव जीतने वाले बाहुबली दिवंगत शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब और दूसरे दरभंगा के अलीनगर से चुनाव जीतने वाली सबसे कम उम्र में लोक गायिका से विधायक बनीं मैथिली ठाकुर। हमने सवालों की संख्या, जीरो आवर, ध्यानाकर्षण के दौरान उठाए गए मुद्दे, बजट भाषण और राज्यपाल अभिभाषण पर पक्ष रखने के पैमाने के आधार पर इनके परफॉर्मेंस को समझा। सदन में खामोश रह रहे हैं ओसामा शहाब ओसामा शहाब सदन में खामोश रहे। विधानसभा के रिकॉर्ड के मुताबिक, बजट सत्र के दौरान इनकी उपस्थिति 95% से ज्यादा है। ये पूरी कार्यवाही में शामिल हो रहे हैं, लेकिन अभी तक न एक भी सवाल पूछा है और न ही शून्य काल और ध्यानाकर्षण में अपने इलाके का मुद्दा उठाया है। उन्होंने किसी भी विषय पर बोलना भी मुनासिब नहीं समझा है। ओसामा चुपचाप सदन में आते हैं और शांति से कार्यवाही में हिस्सा लेकर निकल आते हैं। एक दो बार पार्टी नेताओं के साथ सदन के बाहर प्रदर्शन में जरूर देखे गए हैं। विधानसभा से संबंधित पार्टी की हर रणनीतिक बैठक में शामिल होते हैं। बजट सत्र के दौरान ओसामा अपने सरकारी आवास के बाहर किक्रेट खेलते देखे गए। इस वीडियो की खूब चर्चा हुई थी। सवाल से सरकार को परेशान तो तर्कों से विपक्ष की बोलती बंद कर रहीं ठाकुर मैथिली ठाकुर विधानसभा में खूब एक्टिव हैं। वह 13 दिन में लगभग 10 दिन विधानसभा में मौजूद रही हैं। अब तक 13 सवाल पूछ चुकी हैं। इस लिहाज से देखें तो औसतन एक सवाल रोज पूछ रही हैं। सवाल के माध्यम से वे अपने विधानसभा अलीनगर से जुड़े जरूरी मुद्दे को उठा रही हैं। इलाके में हॉस्पिटल की बदहाल स्थिति, जर्जर स्कूल बिल्डिंग जैसे मुद्दे पर मजबूती से अपनी राय रख रही हैं। वहीं, सही जवाब नहीं मिलने पर सरकार को आइना भी दिखा रही हैं। इतना ही नहीं कम उम्र की विधायक होने के बाद भी वो शून्य काल में जरूरी मुद्दों को उठाने के साथ बजट के कटौती प्रस्ताव पर अपने तर्कों से विपक्ष की बोलती बंद करती देखी गईं। मैथिली को उनकी पार्टी बीजेपी की तरफ से शिक्षा विभाग के कटौती प्रस्ताव पर बोलने का मौका मिला। उन्होंने मजबूती से अपनी सरकार का पक्ष रखा। आंकड़ों और अपनी बातों से विपक्ष को खूब घेरा। इतना ही नहीं ध्यानाकर्षण के दौरान मैथिली ने अपने इलाके दरभंगा और अलीनगर में मिलने वाले औषधीय पेड़ अर्जुन के छाल की तरफ सरकार का ध्यान आकृष्ट की। सरकार की तरफ से आश्वासन दिया गया कि आयुर्वेदिक उपचार के लिए बिहार सरकार इसका इस्तेमाल करेगी। अब सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले विधायक को जानिए EX स्पीकर के बेटे सवाल पूछने में टॉप पर, IP गुप्ता ने अपनी छाप छोड़ी इस विधानसभा सत्र में किसी नेता ने अपनी अलग छाप छोड़ी है तो वे सहरसा के विधायक इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता (आईपी गुप्ता) हैं। इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के इकलौते विधायक होने के नाते इन्हें हर मुद्दे पर बोलने के लिए भले एक मिनट का ही समय मिले, लेकिन ये हर विषय पर अपनी राय रखते हैं। इसके अलावा तारांकित प्रश्न, अल्पसूचित प्रश्न और शून्यकाल यानि कि हर संभव मौकों का इस्तेमाल आईपी गुप्ता ने अपने इलाके के मुद्दे उठाने में किया है। विधानसभा के रिकॉर्ड के मुताबिक तारांकित और अल्पसूचि प्रश्न को मिलाकर ये अब तक 25 सवाल कर चुके हैं। सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश ने पूछे 26 सवाल कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे सदानंद सिंह के बेटे और कहलगांव से जदयू MLA शुभानंद मुकेश सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले फर्स्ट टाइमर विधायक हैं। इन्होंने 26 सवाल पूछे हैं। इनके ज्यादातर सवाल कहलगांव विधानसभा सेंट्रिक हैं। सांसद पुत्र ऋतुराज और BSP के इकलौते विधायक भी सवाल पूछने में आगे सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले विधायकों की लिस्ट देखें तो इसमें पूर्व सांसद अरुण कुमार के पुत्र ऋतुराज कुमार का भी नाम है। उन्होंने अब तक 18 सवाल पूछे हैं। रामगढ़ से बसपा के इकलौते विधायक संतोष यादव भी खूब सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने इस बजट सत्र के दौरान अपने इलाके से जुड़े 20 सवाल पूछे हैं। सबसे ज्यादा सवाल पूछने वालों की लिस्ट में RJD के टिकट पर गोह से जीतने वाले अमरेंद्र कुशवाहा भी शामिल हैं। उन्होंने अब तक 24 सवाल पूछे हैं। अब सबसे कम सवाल पूछने वाले विधायक को जानिए चिराग और नीतीश के युवा विधायक भी सदन में खामोश सवाल नहीं पूछने वालों की लिस्ट में केवल तेजस्वी के युवा विधायक ओसामा शहाब का नाम नहीं है, बल्कि चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) और नीतीश कुमार की पार्टी JDU के युवा विधायक भी शामिल हैं। अगर जीरो सवाल पूछने वाले टॉप-10 विधायकों के लिस्ट की बात करें तो इनमें RJD के एक तो बड़ी संख्या में JDU के विधायक शामिल हैं। BJP की तरफ से इस लिस्ट में कटोरिया विधायक पुरण लाल टुडुु शामिल हैं। उन्होंने अभी तक एक भी सवाल नहीं पूछा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *