किशनगंज में कोचाधामन थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर पंचायत स्थित शाहपुर (वार्ड नंबर 05) में दोपहर को एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस घटना में पीड़ित परिवार को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी मृत्युंजय कुमार (पिता योगेन्द्र प्रसाद) के घर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक चिंगारी उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना तुरंत कोचाधामन थाना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देरी किए अग्निशमन वाहन को मौके पर रवाना किया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घर सुरक्षित रह सके। इस अग्निकांड में भारी नुकसान झेल रहे पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। मौके पर पहुंचे ग्रामीण वरुण सिंह और अन्य स्थानीय लोगों ने अंचल अधिकारी (CO) से मांग की है कि, राजस्व कर्मचारी को भेजकर क्षति का आकलन कराया जाए और पीड़ित मृत्युंजय कुमार को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा प्रदान किया जाए। कोचाधामन पुलिस और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बिजली के उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच करवाते रहें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।