भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मोगा रैली को पंजाब की राजनीति में ऐतिहासिक मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि इस रैली ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने कहा कि मोगा की धरती से 117 विधानसभाओं से आई जनता की उठी यह आवाज स्पष्ट संकेत है कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। चुघ ने कहा कि मोगा की यह पवित्र धरती पहले भी पंजाब की राजनीति में बड़े बदलाव की साक्षी रही है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1996 एवं 2006 में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसी मोगा की धरती से विशाल जनसभा को संबोधित किया था, जिसके बाद पंजाब की राजनीति में सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हुआ था। उन्होंने कहा कि आज 2026 में उसी मिट्टी से देश के गृह मंत्री अमित शाह ने सिंह गर्जना कर पंजाब में बदलाव का बिगुल फूंका है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब कर्ज, नशे, भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और प्रशासनिक अराजकता जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2022 में किए गए अपने वादों को पूरी तरह भुला दिया है और पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने के दावों की जगह ‘कंगला पंजाब’ बना दिया है।