शिमला के मेयर ने रिज पर बिना अनुमति शूटिंग रोकी:चौहान बोले- मॉल रोड की गरिमा से समझौता नहीं, शुल्क देने के बाद रिकॉर्डिंग करें

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रिज पर सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब मेयर सुरेंद्र चौहान ने बिना परमिशन शूटिंग कर रहे कुछ लोगों को रोक दिया। मेयर ने ऐतिहासिक रिज की गरिमा का ध्यान रखते हुए नगर निगम कमिश्नर से परमिशन लेने के बाद ही शूटिंग की नसीहत दी। बता दें कि रिज पर कुछ लोग सोमवार सुबह के वक्त शूटिंग कर रहे थे। एक व्यक्ति प्रोफेशनल कैमरे के साथ वीडियो बनाता है, जबकि चार लड़कियां हिमाचल के पारंपरिक परिधानों में नाच रही होती है। इस दौरान वीडियो बनाना वाला व्यक्ति लोकल लोगों को साइड में हटने को भी बोलता है। तभी मेयर सुरेंद्र चौहान वहां आ धमकते हैं और वह शूटिंग रुकवा कर कहते हैं कि रिज व मॉल रोड की गरिमा का ध्यान रखे। उन्होंने कहा- शूटिंग के नगर निगम ने चार्ज तय कर रखे है। उन्हें पे करने के बाद शूटिंग करें। उन्होंने कहा कि बिना परमिशन प्रकार की गतिविधियों की इजाजत नहीं है। सुरेंद्र चौहान ने रिज से ही शिमला नगर निगम के कमिश्नर को फोन करके शूटिंग रोकने के भी निर्देश दिए। प्रोफेशनल कैमरा से बिना परमिशन इजाजत नहीं: मेयर मेयर ने कहा कि मोबाइल से लोग रिकॉर्डिंग कर सकते हैं, लेकिन प्रोफेशनल कैमरा के साथ इसकी इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि ऐसे तो हर कोई दुनियाभर में मशहूर पर्यटन स्थल रिज व मॉल रोड पर चला रहेगा। इसलिए इसकी गरिमा का ध्यान रखना जरूरी है। बता दें कि शिमला के रिज व मॉल रोड पर हर रोज सैकड़ों टूरिस्ट पहुंचते हैं। कई बार इस तरह की शूटिंग की वजह से टूरिस्ट समेत आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। खासकर जब बड़ी फिल्मों की शूटिंग होती है तो कई बार लोगों की आवाजाही तक रोक दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *