शिमला पुलिस ने झाकड़ी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले एक शव के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के सगे भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते शराब के नशे में अपने भाई की हत्या करने की बात कबूल की है। जानकारी के अनुसार, 30 मार्च की सुबह झाकड़ी पुलिस को सूचना मिली थी कि राई खड्ड स्थित श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (35 वर्ष), निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई। राई खड्ड स्थित श्मशान घाट के पास मिला था शव प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर और मुंह पर चोटों निशान मिले, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए झाकड़ी थाने में अभियोग संख्या 24/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज किया। भाई ने की हत्या घटनास्थल का निरीक्षण राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL) की टीम की मौजूदगी में किया गया, जहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएच सराहन भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के छोटे भाई विक्रम (34 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में विक्रम ने कबूल किया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते और शराब के नशे में अपने बड़े भाई अनिल की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।