शिमला में विवाद में पर्यटक ने ​नकली पिस्तौल से धमकाया:मतियाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों से झगड़ा, जमकर हुई मारपीट, पुलिस ने हिरासत में लिया

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के मतियाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पर्यटक ने पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु निकाल ली, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, घटना मतियाना बाजार में गलत तरीके से ओवरटेक करने को लेकर हुई। पर्यटकों की गाड़ी ने एक स्थानीय व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसके बाद कहासुनी हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान पर्यटकों में से एक ने पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु निकालकर लोगों को डराने की कोशिश की।
पुलिस ने नाका लगाकर पकड़ा, पिस्तौल नहीं लाइटर निकला पुलिस अधिकारी ने बताया कि थाना ठियोग में शाम 5:50 बजे सूचना मिली कि दिल्ली नंबर की ऑडी कार में सवार 2 पर्यटकों का मतियाना बाजार में विवाद हुआ है। बताया गया कि एक स्थानीय व्यक्ति को टक्कर मारी गई और झगड़े के दौरान स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के लिए पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु दिखाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रेमघाट चौक, ठियोग में नाका लगाया, जहां उक्त वाहन को उसके सवारों सहित रोक लिया गया। पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु बरामद की गई, जो जांच में एक साधारण चीनी निर्मित लाइटर निकला। आरोपियों की पहचान उज्ज्वल जैन (पुत्र राज कुमार जैन, पंजाबी बाग, सहारनपुर) और सोहिल अरोड़ा (पुत्र सुरेन्द्र अरोड़ा, वसंत विहार, दिल्ली रोड, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गाड़ी और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *