शिमला में 10 दिन बाद सुलझा हत्या का मामला:जमीन में दफन मिला शव, मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार; जांच जारी

शिमला जिले के सुन्नी थाना पुलिस ने बसंतपुर क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने जमीन खोदकर शव बरामद किया और मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया। यह मामला युवक के लापता होने के 10 दिन बाद सुलझा है। बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी चतुरी राम ने सुन्नी थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका बेटा बसंतपुर में किराए के कमरे में रहकर मकान निर्माण का काम करता था। होली के दिन से वह लापता था और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। जांच टीम ने लापता युवक के साथ रहने वाले साथियों से पूछताछ की और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाले। तकनीकी माध्यमों से जुटाई गई जानकारी में पता चला कि लापता युवक का उसी काम में लगे अरुण नामक व्यक्ति से विवाद था। पुलिस ने संदेह के आधार पर तलाश शुरू की अरुण ने बसंतपुर में दौलत राम के मकान का ठेका लिया था और दोनों एक ही मकान में किराए पर रहते थे। होली के दिन देर रात उनके बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से युवक गायब था।पुलिस को संदेह हुआ कि अरुण ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है। इस आशंका के आधार पर पुलिस टीम ने बसंतपुर क्षेत्र में तलाश शुरू की। जल्द ही एक जगह से शव को खोदकर निकाला गया। शिनाख्त के बाद मामले की गंभीरता स्पष्ट हो गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को दफना दिया गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अरुण कुमार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दबोच लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी आरोपी मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के देवी छपरा गांव का निवासी है। होली वाली रात हुई हत्या के बाद वह लगभग तीन सप्ताह तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। अब उसके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में भा.न.सं. की धारा 103, 140(1) व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व योजना के तहत युवक का अपहरण किया, फिर हत्या कर शव को दफना दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में कब क्या हुआ? 3-4 मार्च होली की रात विवाद, युवक लापता। 15 मार्च पिता ने थाना सुन्नी में गुमशुदगी दर्ज करवाई। 23 मार्च पुलिस ने बसंतपुर से शव खोदकर बरामद किया। 25 मार्च मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार (हत्या के 10 दिन बाद)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *