पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी की अहम बैठक आज चंडीगढ़ में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अगुआई में शुरू हो गई। बैठक की शुरुआत मूल मंत्र के जाप से की गई। इस दौरान बठिंडा सांसद हरसिमरत कौर बादल, वरिष्ठ नेता सिकंदर सिंह मलूका सहित तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर नेताओं ने सुखबीर बादल का सम्मान भी किया। यह बैठक वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की विजिलेंस गिरफ्तारी के बाद बुलाई गई है, जिसे पार्टी के लिए अहम मोड़ माना जा रहा है। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालातों, लुधियाना उपचुनाव के नतीजों और भविष्य की जनसंपर्क रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। पार्टी तय करेगी कि आगे जनता के बीच कैसे जाना है और संगठन को कैसे मजबूत किया जाए। चीमा ने मीटिंग के बारे में यह जानकारी दी मीटिंग को लेकर शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने पोस्ट डालकर लिखा- शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार 30 जून को दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी की नवनियुक्त कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और भविष्य की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। मजीठिया समेत 31 मेंबर कोर कमेटी में दो दिन पहले सुखबीर सिंह बादल ने 31 वरिष्ठ नेताओं की कोर कमेटी का ऐलान किया था, उनमें बलविंदर सिंह भूंदड़, हरजिंदर सिंह धामी, नरेश गुजराल, परमजीत सिंह सरना, हीरा सिंह गाबड़िया, गुलजार सिंह रणीके, महेशइंदर सिंह ग्रेवाल, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, जनमेजा सिंह सेखों, सिकंदर सिंह मलूका, बीबी हरसिमरत कौर बादल, मनजीत सिंह जी.के, शरनजीत सिंह ढिल्लों, बिक्रम सिंह मजीठिया, सुच्चा सिंह लंगाह, गुरबचन सिंह बब्बेहाली, लखबीर सिंह लोधीनंगल, श्री एन के शर्मा, मनतार सिंह बराड़, बलदेव सिंह खहरा, श्री एस आर कलेर, जोगिंदर सिंह जिंदू, तीर्थ सिंह माहला, रणजीत सिंह ढिल्लों, वरदेव सिंह मान, गुरप्रीत सिंह राजुखन्ना, कमल चेतली, हरप्रीत सिंह कोटभाई, सुखदीप सिंह शुकार और दरबारा सिंह शामिल हैं।