भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी छेहर्टा स्थित शिव मंदिर रेलवे फाटक परिसर में 34वां वार्षिक शनि मूर्ति स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम धर्मगुरु स्वामी हरिनारायण महाराज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान स्वामी हरिनारायण महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि शनिदेव किसी का बुरा नहीं करते, बल्कि वे मनुष्य को उसके कर्मों के अनुसार ही फल प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शनिदेव से हमें केवल यही प्रार्थना करनी चाहिए कि हमारे हाथों से सदैव अच्छे कर्म हों, ताकि हमें जीवन में अच्छे कर्मों का ही फल प्राप्त हो। कर्म ही मानव जीवन का आधार है और शनिदेव न्याय के देवता हैं। कथा के उपरांत शनिदेव का पंचामृत से विधिवत अभिषेक किया गया तथा पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन हुआ। यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रधान अशोक महाजन, पंडित तिलक राज, राजू गुप्ता, समाज सेवक सतीश बल्लू, रमन कुमार शर्मा, संजीव मल्होत्रा, अशोक कुमार, आशीष शास्त्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।