गोविंदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 9:30 बजे एक लड़की पर जानलेवा हमला हुआ। बिशनपुर मार्ग स्थित अधवारवा आहार इट भट्ठा के पास घटना हुई। लड़की शौच के लिए घर से बाहर गई थी। एक युवक पहले से घात लगाए बैठा था। उसने लड़की के गले पर चाकू से वार कर दिया। लड़की की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने लड़की को गोविंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सीएचसी के डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि लड़की का इलाज जारी है। इलाज के बाद वह खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई भोला सिंह, सुरेंद्र गुप्ता और पीएसआई गुलशन कुमार पुलिस दल के साथ अस्पताल पहुंचे। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसआई भोला सिंह ने बताया कि दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।