फेनहारा थाना क्षेत्र के रूपलिया माझी टोला पुल के नीचे झाड़ियों में एक वृद्ध महिला का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर फेनहारा थाने के प्रभारी अवर निरीक्षक ओम प्रकाश राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। श्यामपुर गांव से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 60 वर्षीय अंती देवी के रूप में की। अंती देवी पिछले चार दिनों से लापता थीं। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। वह पहले भी कई बार बिना बताए घर छोड़कर चली जाती थीं। मृतका के पुत्र कमलेश राम ने बताया कि उनकी मां बीते सप्ताह से लापता थीं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला था। परिजनों ने थाने में लिखित सहमति पत्र देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने की अपील की। थानाध्यक्ष की अनुमति के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्यामपुर गांव ले गए। पुलिस ने यूडी (अज्ञात मृत्यु) केस दर्ज कर कार्रवाई पूरी की है। स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे झाड़ियों में शव मिलने को असामान्य घटना बताया। हालांकि परिजनों की सहमति से पुलिस ने हत्या की आशंका से इनकार किया है।