संगरूर जिले में एक 78 वर्षीय चौकीदार की देर रात अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। यह घटना बठिंडा-जीरकपुर नेशनल हाईवे पर पटियाला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे खाली प्लॉट में हुई, जहां चौकीदार नए लगाए गए ट्यूबवेल के सामान की रखवाली कर रहा था। मृतक की पहचान राम के रूप में हुई है। उनके भतीजे परगट सिंह ने बताया कि राम भवानीगढ़ में पटियाला रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पेस्टीसाइड की दुकान के पीछे खाली प्लॉट में नए ट्यूबवेल के सामान की रखवाली के लिए तैनात थे। परगट सिंह के अनुसार, बीती रात जब उनके चाचा ड्यूटी पर थे, तो कुछ अज्ञात लोग वहां आए। उन्होंने राम के साथ बुरी तरह मारपीट की और उनकी हत्या कर दी। काम करने लोगों ने सुबह देखी शव हत्या के बाद हमलावर शव को चारपाई से बांधकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब ट्यूबवेल लगाने वाली मशीन पर काम कर रहे लोग प्लॉट पर पहुंचे, तो उन्होंने राम का शव बिस्तर पर पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल परिवार को सूचित किया, जिसके बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सतवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सतवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे सुखविंदर सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।