संभल SP का रहमान डकैत वाला डांस, VIDEO:शिकारियों वाली हैट पहनी, साथी पुलिसकर्मियों को कीचड़ में धकेला

यूपी में होली का जश्न अभी भी जारी है। संभल में पुलिसकर्मियों ने आज होली खेली। एसपी कृष्ण विश्नोई ने रहमान डकैत स्टाइल में डांस किया। उन्होंने शिकारियों वाली हैट पहनी और धुरंधर मूवी के ‘फसला’ गाने पर खुली जिप्सी से पुलिस लाइन में एंट्री मारी। पहले जिप्सी पर ठुमके लगाए, फिर नीचे उतरकर अक्षय खन्ना (रहमान डकैत) की तरह नाचने लगे। उन्होंने पुलिसवालों के साथ जमकर होली खेली। फायर ब्रिगेड की पाइप से पुलिसकर्मियों पर पानी की बौछारें डालीं। ‘पीले-पीले ओ मेरे जानी’ और ‘गुलाब जइसन खिलल बाड़ू’ गानों पर जमकर डांस किया। सिपाहियों के साथ पुशअप भी लगाए। इतना ही नहीं, पुलिसवालों को पानी से भरे गड्ढे में धकेला और खुद भी उसमें उतरकर हरियाणवी गानों पर नाचते नजर आए। तस्वीरें देखिए… गड्ढा खोदकर पानी भरा, एसपी की जिप्सी से एंट्री
प्रदेश भर में पुलिसवालों ने गुरुवार को होली खेली थी, लेकिन संभल में मेले की वजह से पुलिसकर्मी होली नहीं खेल पाए थे। इसलिए आज होली खेली गई। इसके लिए सुबह पुलिसवालों ने पुलिस लाइन में गड्ढा खोदा, फिर उसमें फायर ब्रिगेड से पानी भरा गया। इसी बीच एसपी ने अफसरों के साथ जिप्सी में एंट्री मारी। इस दौरान धुरंधर मूवी का गाना बजने लगा। एसपी जिप्सी में ही झूमने लगे। फिर नीचे उतरकर पुलिसवालों के साथ होली खेली और अक्षय खन्ना के स्टाइल में डांस किया। पुलिसवालों ने एक-दूसरे के कपड़े फाड़े
पुलिसवालों ने एक-दूसरे को दौड़ाकर रंग लगाया और कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद डीजे बजा और एसपी ने पुलिसकर्मियों के साथ खूब ठुमके लगाए। एक-दूसरे पर पाइप से पानी की बौछारें मारीं। फिर पुलिसकर्मी गड्ढे में कूद गए। इसके बाद हरियाणवी गानों पर गड्ढे में थिरकने लगे। सिपाही के साथ एसपी ने पुशअप लगाए
एसपी भी खुद को रोक नहीं पाए और गड्ढे में उतरकर नाचने लगे। उन्होंने सिपाही के साथ पुशअप भी लगाए। इसके बाद पुलिस लाइन से चौपाई (शोभायात्रा) निकाली गई। रास्ते में एसपी रुक-रुककर आम लोगों के साथ होली खेलते रहे। बच्चियों और ठेले वाले को रंग लगाया
एसपी ने दुकान पर बैठी दो बच्चियों, बाइक पर जाती एक बच्ची और एक ठेला लगाने वाले को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एक क्विंटल से अधिक गुलाल उड़ाया गया और 51 किलो फूल बरसाए गए। इस्लामनगर चौराहा होते हुए चौपाई वापस पुलिस लाइन आकर खत्म हुई। पिछले साल सिर पर ठंडाई रखकर डांस किया था पिछले साल 2025 में SP कृष्ण विश्नोई ने एनिमल मूवी के जमाल कुडू गाने पर DM राजेंद्र पैंसिया के साथ जोरदार डांस किया था। DM को कंधे पर भी उठा लिया था। SP ने सिर पर ठंडाई का गिलास रखकर बॉबी देओल स्टाइल में डांस किया था। ——————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- SSP को कीचड़ में पटका, DSP का ‘एनिमल डांस’:कमिश्नर बग्घी लेकर निकले; VIDEO में यूपी पुलिस की होली यूपी पुलिस ने 5 मार्च को जमकर होली खेली। अफसरों से लेकर सिपाही तक रंगे नजर आए। बरेली SSP अनुराग आर्य विग लगाकर भांगड़ा करते दिखे। बरेली में IPS अंशिका वर्मा ने काला चश्मा पहनकर ‘लंदन ठुमकदा’ गाने पर डांस किया। झांसी में पुलिसकर्मियों ने SSP को उठाकर डांस किया और बाद में उन्हें कीचड़ में पटक दिया। लखनऊ कमिश्नर राजा बनकर बग्घी पर निकले। VIDEO में देखिए पुलिसिया होली के रंग…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *