संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवा दिन है। बिहार वोटर वेरिफिकेशन मामले में आज भी हंगामे के आसार है। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन को छह महीने और बढ़ाने का प्रस्ताव रखेंगे। मणिपुर में पहले से राष्ट्रपति शासन लागू है और उसकी अवधि पूरी होने वाली है। इसी वजह से सरकार ने इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने लोकसभा में पोस्टर लहराते हुए नारेबाजी की। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही सिर्फ 12 मिनट चल सकी। सदन के बाहर भी मकर द्वार पर विपक्ष ने बिहार वोटर लिस्ट विवाद पर लगातार तीसरे दिन प्रदर्शन किया। सोनिया गांधी भी इसमें शामिल हुईं। प्रियंका गांधी ने खतरे में लोकतंत्र लिखा पोस्टर लहराया। संसद का मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा। संसद मानसून सत्र के चौथे दिन की 3 तस्वीरें… बिहार SIR विवाद को ग्राफिक्स में समझिए… मानसून सत्र 32 दिन चलेगा संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक यानी कुल 32 दिन चलेगा। इस दौरान 18 बैठकें होंगी, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी। केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं। पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा। 23 जुलाई- मानसून सत्र का तीसरा दिन: राहुल बोले- ट्रम्प सीजफायर कराने वाले कौन संसद में मानसून सत्र में भाग लेने के बाद राहुल गांधी ने बुधवार को कहा, ‘ट्रम्प 25 बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान में सीजफायर कराया। वह कौन हैं? यह उनका काम नहीं है। भारत के प्रधानमंत्री पूरी तरह से चुप हैं। उन्होंने एक बार भी ट्रम्प के दावों का जवाब नहीं दिया। प्रधानमंत्री क्या बोलेंगे। कैसे बताएंगे कि ट्रम्प ने पाकिस्तान के साथ समझौता करवाया है?’ राहुल ने आगे कहा, ‘पूरी दुनिया जानती है कि ट्रम्प ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा की थी। PM मोदी यह नहीं कह सकते, लेकिन यह सच है और पूरी दुनिया जानती है। जो लोग खुद को देशभक्त कहते हैं वे भाग गए हैं।’ पूरी खबर पढ़ें… 22 जुलाई- मानसून सत्र का दूसरा दिन: बिहार वोटर लिस्ट मुद्दे पर विपक्ष का संसद में प्रदर्शन संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने मकर द्वार पर संसद भवन की सीढ़ियों पर खड़े होकर बिहार SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसी तरह, राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने बिहार में वोटर्स लिस्ट की जांच पर चर्चा की मांग करते हुए नारे लगाए। पूरी खबर पढ़ें… 21 जुलाई- मानसून सत्र का पहला दिन: पहलगाम-ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा-लोकसभा में पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा हुआ। विपक्ष ने इन मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी की। दिनभर में लोकसभा 4 बार स्थगित हुई, जिसके बाद शाम 4 बजे सदन को मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं, सदन में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए सरकार तैयार हो गई है। अगले हफ्ते इस मुद्दे पर लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे बहस होगी। हालांकि विपक्ष का कहना है कि चर्चा सत्र के शुरुआत में होनी चाहिए और PM मोदी जवाब दें। पूरी खबर पढ़ें…