रक्सौल रेलवे स्टेशन पर सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक युवक का शव फंदे से लटका मिला है। युवक की गर्दन पर गहरे निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि सत्याग्रह एक्सप्रेस (15273) नई दिल्ली से चलकर गुरुवार की शाम 6.30 बजे रक्सौल स्टेशन पहुंची। रात 9:30 बजे साफ-सफाई के लिए ट्रेन वाशिंग पिट पर गई। इसी दौरान सफाईकर्मियों को कोच संख्या S-5 के सीट नंबर 57 के पास शव लटका दिखा। फिर RPF और GRP को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची। रक्सौल रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव की पहचान नहीं की जा सकी है। अब सिलसिलेवार जानिए घटनाक्रम… बर्थ नंबर 57 पर गमछे से लटका मिला शव सत्याग्रह एक्सप्रेस दिल्ली से आने के बाद ट्रेन करीब 3 घंटे प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही। इस दौरान किसी ने स्लीपर कोच में शव नहीं देखा। 9:30 बजे ट्रेन वाशिंग पिट पर गई तो वहां सफाईकर्मियों ने कोच में गमछे से लटका शव देखा। गमछा अपर बर्थ के पास लगे जंजीर से बंधा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ साथ रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, कोच के अंदर संघर्ष जैसे संकेत नहीं मिले हैं। लेकिन गर्दन पर गहरे निशान मिले है। पैर में लगी थी मिट्टी वहीं, चश्मदीदों ने बताया, युवक के पैर में मिट्टी लगा था। पैर में चप्पल या जूते नहीं थे। शव का जीभ काला पड़ गया था। वासिंग पिट पर ले जाने के लिए ट्रेन सरिसवा नदी तक जाती है। वहां सुनसान रहता है। इससे आशंका है कि यहीं किसी ने हत्या कर उसके शव को ट्रेन के कोच में लटका दिया है। हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल GRP-RPF की टीम मौके पर पहुंची। कोच को घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसके साथ ही रेल डीएसपी, FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) और बेतिया के DSRP भी मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरी तरह से कोच का निरीक्षण किया। FSL टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी, फिंगरप्रिंट, शव के आसपास मिले सामान आदि साक्ष्य एकत्र किए। GRP पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आगे के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। वहीं, युवक की पहचान के लिए आसपास के थानों में फोटो भेजी गई है। युवक के पास से नहीं मिला कोई पहचान पत्र रक्सौल रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि सत्याग्रह एक्सप्रेस से एक अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक की उम्र 20 से 25 साल है। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। इससे उसकी पहचान करने में मुश्किल हो रही है। रेलवे स्टेशन से लेकर वाशिंग पिट तक के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि पता चले कि युवक को कोच में कौन लेकर आया था और वह ट्रेन में कब चढ़ा। उसके शव की तस्वीर आसपास के थानों और सोशल मीडिया समूहों को भेज दिया है, ताकि उसके परिजन तक सूचना पहुंचाई जा सके। 72 घंटे में पहचान नहीं होती है तो नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। फिलहाल, जिस कोच में शव मिला है, उसको सील कर दिया गया है। ट्रेन को सुबह 9 बजे रक्सौल रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।