सन्हौला में रामनवमी पर बाइक शोभायात्रा निकली:डीजे पर झूमे लोग, जय श्रीराम के नारों से गूंजा क्षेत्र

भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड में रामनवमी के अवसर पर एक विशाल बाइक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा और भक्तिमय माहौल बना रहा। शोभायात्रा की शुरुआत सन्हौला काली मंदिर से हुई, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। पूजा-अर्चना के बाद यात्रा पोठिया बजरंगबली मंदिर की ओर बढ़ी। यहाँ भी श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन किए। इसके बाद शोभायात्रा महेशपुर गाँव होते हुए ताडर गाँव तक पहुँची। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में शामिल लोगों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कई जगहों पर फूल बरसाए गए और जलपान की व्यवस्था की गई। भगवा झंडे लिए बाइक सवार युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। शोभायात्रा का समापन सन्हौला शिव मंदिर परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। समापन के अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सन्हौला प्रशासन सक्रिय और मुस्तैद रहा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी कोई अव्यवस्था नहीं हुई और आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का प्रतीक बताया। रामनवमी के इस कार्यक्रम ने क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संदेश प्रसारित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *