समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को होली-ईद मिलन सौहार्द समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रहे। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समारोह में गीत-संगीत और कव्वाली का आयोजन सपा के सहारनपुर ग्रामीण से विधायक आशु मलिक की ओर से किया गया जिसने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। शेरो-शायरी और कॉमेडी का भी दौर चला, जिसमें शायर बिलाल सहारनपुरी ने अपनी शायरी सुनाई और कमेडियन राजीव निगम ने सभी को खूब हंसाया। राजरतन अम्बेडकर ने अखिलेश को भेंट की संविधान की प्रति इस मौके पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के प्रपौत्र और बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट डॉ. राजरतन अम्बेडकर ने अखिलेश यादव को संविधान की प्रति भेंट की। डॉ. अम्बेडकर ने कहा, यह देश की खूबसूरती है कि सौ किलोमीटर में लोगों की भाषा, खान-पान, रंग-ढंग बदल जाता है, लेकिन 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट रखने का काम हमारे संविधान ने किया है। बाबा साहब ने संविधान सभा में जाने से रोकने की कोशिशों के बावजूद पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए संविधान में हर जरूरी प्रावधान किए। उन्होंने अखिलेश यादव की पीडीए रणनीति की सराहना करते हुए कहा कि अगर वह संविधान बचाने की इस लड़ाई में छोटा सा भी योगदान दे सकें तो उन्हें गर्व होगा। डॉ. अम्बेडकर ने गुजिया-सेवई मिलन कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का प्रयोग पूरे देश में होना चाहिए, जो विभाजनकारी ताकतों को यह संदेश दे कि हम भारत के लोग एक हैं। समारोह में कश्मीर के बॉलीवुड सिंगर शोएब पन्नू और शहजाद अली को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में अलग ही समां बांध दिया। विधायक आशु मलिक की ओर से आयोजित गुजिया-सेवइयां मिलन में सभी ने गुजिया, सेवई, छोला-भटूरा और बाटी-चोखा का लुत्फ उठाया। इस मौके पर पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, सांसद हरेन्द्र मलिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, शाहिद मंजूर, नसीम सोलंकी, इरफान सोलंकी, एमएलसी जासमीर अंसारी, नवाब जान, मोहम्मद उमर, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला, मौलाना इकबाल कादरी, काशीनाथ यादव, शकील नदवी, धर्मेन्द्र सोलंकी, जयसिंह जयंत, नवीन धवन बंटी, देवेन्द्र सिंह जीतू सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महावीर जयंती भी मनाई गई
इससे पहले पार्टी कार्यालय में भगवान महावीर जयंती भी मनाई गई। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दीप प्रज्वलित करते हुए पूरे विश्व के जैन समुदाय और शांतिप्रिय लोगों को महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज जब देश और दुनियाभर में हिंसक सोच को बढ़ावा देने वाले नकारात्मक तत्व सक्रिय हैं, ऐसे में भगवान महावीर स्वामी का ‘जियो और जीने दो’ का सिद्धांत सबके लिए संजीवनी बन रहा है। यह सह-अस्तित्व, सहनशीलता, सौहार्द और शांति को जन्म देनेवाला सिद्धांत है। इसमें विद्वेश और वैमनस्य के उन्मूलन की असीम शक्ति विद्यमान है। अहिंसा मानवता की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जिसके मूल में समस्त प्राणि जगत के लिए करूणा का कल्याणकारी भाव है, जो अंततः मानव से लेकर पशु-पादप जगत और सम्पूर्ण पारिस्थितिकी के संरक्षण, संतुलन और सतत विकास का ही सिद्धांत है।
महावीर जयंती में अपर्णा बंसल जैन कानपुर, अक्षय जैन अरिहंत मेरठ, सुनील जैन शमशाबाद आगरा, संस्कार जैन पूर्व प्रदेश सचिव युवजनसभा बाराबंकी, गौरव जैन आगरा, राजीव जैन पोद्दार जिलाध्यक्ष व्यापार सभा आगरा, सोमिल शाह जैन कानपुर, मनीष जैन मेरठ, नितिन जैन मेरठ, अर्नव जैन मेरठ, आशा जैन, अजय, निहाल, तुषार, आलोक, भूपेन्द्र कानपुर, कुलदीप, अश्वनी जैनपुर कानपुर, प्रशांत जैन कानपुर, डॉ. अशोक जैन कानपुर, सुदेश जैन कानपुर, श्रेयांश जैन, विशाल जैन, दीपक आगरा, पंकज जैन आगरा ने भी नमन किया।