समस्तीपुर में बच्चों के साथ पत्नी को घर से निकाला:शिकायतकर्ता बोली- मेरे पति का दूसरी महिला से अवैध संबंध, तीन बच्चों को लेकर कहां जाऊंगी

समस्तीपुर के विद्यापति नगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध के चलते मारपीट करने और बच्चों के साथ घर से निकालने का आरोप लगाया है। न्याय की गुहार लगाते हुए महिला गुरुवार को एसपी ऑफिस पहुंची। पीड़ित महिला की पहचान वैशाली जिले के जंदाहा गांव की रहने वाली नेहा कुमारी के रूप में हुई है। नेहा कुमारी ने बताया कि मेरी शादी 2018 में विद्यापति नगर थाना क्षेत्र के कुणाल कुमार से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें अविनव गुप्ता, कार्तिक गुप्ता और नव्या कुमारी शामिल हैं। शादी के कुछ समय बाद तक उनका दांपत्य जीवन सामान्य रहा। शिकायतकर्ता बोली- पति का करीब 9 महीनों से दूसरी महिला से संबंध नेहा कुमारी के अनुसार, उनके पति विद्यापति नगर में आइसक्रीम फैक्ट्री चलाते हैं। करीब आठ-नौ महीने पहले उनके पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हो गया। इस संबंध के कारण पति उन्हें और उनके तीनों बच्चों को मारपीट करते थे। नेहा का आरोप है कि उनके पति, सास, भैसुर और गोतनी ने मिलकर उन्हें तीनों बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। छह महीने से तीनों बच्चों को लेकर मायके में रह रही महिला पिछले छह महीने से नेहा अपने तीनों बच्चों के साथ मायके जंदाहा में रह रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनके पति कथित तौर पर दूसरी महिला के चक्कर में उन्हें देखना नहीं चाहते और उन्हें तथा बच्चों को खाना-खर्चा भी नहीं देते। वह अपने मायके में किसी तरह गुजर-बसर कर रही हैं। नेहा कुमारी गोद में बच्चा लेकर जिला पुलिस कप्तान के कार्यालय पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। जिला पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि जंदाहा निवासी नेहा कुमारी द्वारा अपने पति पर अवैध संबंध और मारपीट के आरोप में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *