सरकार के 4 साल पूरे होने पर विधायक सिद्धू ने जताई खुशी

भास्कर न्यूज | लुधियाना कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने गुरुवार को सराभा नगर में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का चार वर्ष का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। अरोड़ा ने दावा किया कि जो विकास पिछले 70 वर्षों में नहीं हुआ, वह इन चार वर्षों में संभव हुआ है और पंजाब अब देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की ओर अग्रसर है। संजीव अरोड़ा ने कहा कि भारत सरकार ने पंजाब को सड़क सुरक्षा, शिक्षा और व्यापार सुगमता के क्षेत्र में देश का प्रथम राज्य घोषित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब के इतिहास में यह पहली बार है जब राज्य ने इन प्रमुख क्षेत्रों में ऐसी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंत्री ने सरकार की बिजली नीतियों पर प्रकाश डालते हुए बताया पिछले चार वर्षों से पंजाब के हर घर को हर महीने 300 इकाई (यूनिट) मुफ्त बिजली मिल रही है। वर्तमान में 75% किसानों को प्रातःकाल के समय बिना किसी बाधा के बिजली मिल रही है, जिसे आगामी धान की बुवाई के समय तक बढ़ाकर 95% करने का लक्ष्य है। अरोड़ा ने घोषणा की कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने हर नागरिक के लिए 10 लाख रुपए तक की नकद-रहित (कैशलेस) स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है। इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष जतिंदर सिंह खंगूड़ा, पार्षद कपिल सोनू, तनवीर सिंह धालीवाल, राजू कनौजिया आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *