सरबजीत का वकील बोला- इस्लाम खूबसूरत, सिख महिलाएं अपनाएं:जो भी अपनाएगी वह मेरी बहन; PAK में पंजाबी महिला का निकाह करवा चुका

पाकिस्तान में धर्म परिवर्तन कर शादी करने वाली सरबजीत कौर उर्फ नूर फातिमा के वकील अहमद हसन पाशा का एक बड़ा बयान सामने आया है। उसने कहा है कि जो भी सिख महिला अपना धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल कर रही है, वह उसकी बहन के समान है। सरबजीत कौर को शेल्टर होम से निकालने में मदद करने वाले वकील हसन को पिछले दिनों सरबजीत कौर ने अपना भाई बताया था। इसके बाद पाकिस्तानी मीडिया ने हसन से सवाल किया कि जब सरबजीत ने उसे भाई कहा है तो उसने भाई का किरदार कैसे निभाया? इस सवाल के जवाब में हसन ने कहा- जब कोई अपना मजहब छोड़कर इस्लाम में आ रहा है, तो मैं उसे बहन क्यों न कहूं? अगर 200 सिख महिलाएं भी इस्लाम कबूल कर लें, तो वे सभी मेरी बहनें हैं। हसन ने कहा – मैं तो खुलकर हर एक को इनविटेशन देना चाहूंगा कि हमारा बहुत खूबसूरत मजहब है। आप इसमें आएं। सरबजीत ने जब इस्लाम कबूल किया तो उसके साथ खड़ा होने वाला कोई नहीं था, तो मुझे ही भाई बनना था। मैं ही इसका भाई हूं और रहूंगा। कौन है वकील हसन पाशा, जिसे सरबजीत ने भाई कहा सरबजीत कौर ने जब पाकिस्तान में नासिर हुसैन नाम के व्यक्ति के साथ निकाह कर लेने का खुलासा किया तो उसे पाकिस्तान में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। लोगों ने उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर सरबजीत को शेल्टर होम भेज दिया था। वकील हसन पाशा ने कानूनी तौर पर सरबजीत और नासिर हुसैन का निकाह कराया था। इसके बाद कोर्ट में भी सरबजीत को डिफेंड करने वाला वकील हसन पाशा ही था। उसने सरबजीत का केस लड़कर उसे शेल्टर होम से निकलवाया। इसके बाद ही सरबजीत ने उसने अपना भाई कहा। सिलसिलेवार ढंग से पढ़ें पूरा मामला… 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ गई थी पाकिस्तान सरबजीत कपूरथला के गांव अमानीपुर की रहने वाली सरबजीत कौर 4 नवंबर 2025 को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अमृतसर से अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान गई थी। यह सिख जत्था 10 दिन तक पाकिस्तान में रहा। उन्होंने सिख गुरुओं से जुड़े विभिन्न स्थलों के दर्शन किए और 13 नवंबर को भारत लौट आए। पूरे सिख जत्थे के एक साथ भारत लौटने से पहले अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और 3 महिलाओं समेत कुल 9 श्रद्धालु पहले लौट आए थे। सिख श्रद्धालुओं के साथ नहीं लौटी हालांकि, जब श्रद्धालुओं का पूरा जत्था लौटा तो 1923 की जगह 1922 लोग ही वापस पहुंचे। जब इसकी जांच हुई तो पता चला कि सरबजीत कौर वापस नहीं आई है। उसका नाम न तो पाकिस्तान के एग्जिट रिकॉर्ड में था और न ही भारत के एंट्री रिकॉर्ड में मिला। पहले माना गया कि वह लापता है। इसके बाद पाकिस्तान में भी लोकल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी उसकी तलाश शुरू कर दी। इसके बाद अचानक उर्दू में लिखा सरबजीत का निकाहनामा वायरल हो गया, जिसमें लिखा था कि सरबजीत ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपना लिया है। उसने शेखुपुरा के निवासी नासिर हुसैन नाम के मुस्लिम व्यक्ति से निकाह कर लिया है। सरबजीत बोली- नासिर को 9 साल से जानती है इसके बाद 15 नवंबर को उसका एक वीडियो भी वायरल हो गया, जिसमें उसने मौलवी को कहा कि वह मुस्लिम बनना चाहती है। सरबजीत ने कहा कि वह नासिर से प्यार करती है और 9 साल से उसे जानती है। सरबजीत ने यह भी कहा था कि उसका तलाक हो चुका है। सरबजीत के पाकिस्तान में निकाह करने के बाद उसके वीजा के लिए दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसमें पता चला कि उसने पाकिस्तानी इमिग्रेशन में भरे फॉर्म में अपनी राष्ट्रीयता और पासपोर्ट नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां ही नहीं भरी थीं। इससे पाकिस्तान में उसे ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। निकाह करने के बाद सरबजीत नासिर के साथ छिपकर रह रही थी। पाकिस्तान में यूट्यूबर नासिर ढिल्लों ने किया था स्वागत अमृतसर से अटारी के रास्ते में पाकिस्तान के ननकाना साहिब पहुंचने वाले जत्थे का स्वागत पाकिस्तान के यूट्यूबर नासिर ढिल्लों ने किया था। यह वही नासिर हुसैन है जिस पर ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तानी एजेंसियों के लिए काम करने का आरोप लगा था। इसी ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के साथ भी इंटरव्यू किया था। सरबजीत के गांव के लोगों का कहना था कि उसके 2 बेटे हैं। उसके खिलाफ सुल्तानपुर लोधी में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। गांव अमानीपुर के अंदर सरबजीत की आलीशान कोठी है। उसका लोगों से ज्यादा मिलना जुलना नहीं था। ॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाबी महिला सरबजीत लाहौर शेल्टर होम से रिहा:मुस्लिम पति के घर लौटी, वकील के साथ नजर आई; सिख श्रद्धालुओं के साथ PAK गई थी भारत से पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर की नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह अपने वकील के साथ कार में बैठी नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार, सरबजीत कौर किसी कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में अपने वकील के साथ जा रही थी। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *