राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को लुधियाना दौरे पर थे। इस दौरान अरविंदो कॉलेज में उन्होंने समाज के गणमान्य लोगों से बात की। इस दौरान दैनिक भास्कर ने उनसे सवाल पूछा कि 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को लेकर संघ की क्या भूमिका रहेगी? इस पर RSS प्रमुख भागवत ने कहा- चुनाव में किसी भी पार्टी को लेकर संघ की कोई भूमिका नहीं होती है। संघ वोट और चुनावी राजनीति नहीं करता है। जो इलेक्शन कमिशन कहता है वहीं संघ भी कहता है। उन्होंने कहा कि लोगों को देश हित के मुद्दों पर मतदान करने के लिए वो जरूर प्रेरित करेंगे। भागवत ने जवाब में आगे कहा- संघ देश हित के मुद्दों पर लोगों को पहले भी मतदान के लिए डंके की चोट पर प्रेरित करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज को प्रबुद्ध बनाना हम सब का कर्तव्य है। इलेक्शन कमिशन भी ऐसे करता है और संघ के स्वयं सेवक संघ भी ऐसा सब जगह करते हैं और आगे भी करेंगे। कार्यक्रम में RSS प्रमुख की 6 अहम बातें.. संघ के फार्मूले पर पंजाब में काम कर रही भाजपा
इस कार्यक्रम में RSS प्रमुख भागवत ने कहा कि अगर आपको समाज बदलना है तो पहले प्रबुद्ध नागरिकों की सोच बदलनी होगी। उसके बाद उनके प्रभाव में उनको मानने वाले लोग अपने आप आपके साथ जुड़ जाएंगे। भाजपा भी इसी फार्मूले पर पंजाब में काम कर रही है। इसी फार्मूले के तहत भाजपा नेता अलग-अलग धर्म गुरुओं और डेरा प्रमुखों से मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो 70 साल से ज्यादा टाइम में पहले PM थे, जो कुछ दिन पहले जालंधर में रविदासिया समाज के सबसे बड़े डेरा सचखंड बल्लां में आए। पंजाब में खुद को मजबूत कर रहा संघ
संघ शताब्दी वर्ष के बहाने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर RSS को शहरों से गांवों तक मजबूत किया जा रहा है। संघ पंजाब में जितना मजबूत होगा, भाजपा की राह उतनी आसान होती जाएगी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ शताब्दी वर्ष में ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस कर रहा है। यही ग्रामीण वोट बैंक भाजपा से अभी बेहद दूर है। वहीं लुधियाना और पठानकोट में भाजपा का स्ट्रॉन्ग होल्ड माना जाता है लेकिन पिछले चुनावों में उसके मुताबिक रिजल्ट नहीं आए। इन्हीं दोनों शहरों में RSS प्रमुख पहुंचे और अलग-अलग जिलों के प्रबुद्ध नागरिकों, धार्मिक गुरुओं और समाज में प्रभाव रखने वाले लोगों को संबोधित किया। भागवत ने उन्हें संघ की खूबियों से रूबरू करवाया।